क्या होते हैं Greenfield Airport, क्यों होता है इनका निर्माण, जानें
हाल ही में जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन हुआ है। यह एक ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट है। इस लेख में हम जानेंगे कि आखिर ग्रीनफील्ड क्या होता है ? विस्तार से जानने के लिए पूरा लेख पढ़ें।
हाल ही में जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कमर्शियल उड़ानें शुरू हो गई हैं। भविष्य में इस एयरपोर्ट का विस्तार करने की भी योजना है। हालांकि, क्या आप जानते हैं कि यह एक ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट है? अब यहां सवाल है कि आखिर ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट क्या होता है ? यदि आप इस बारे में नहीं जानते हैं, तो यह लेख आपके लिए बहुत उपयोगी है। यदि आप जानते हैं, तो आपको इस लेख में इससे जुड़ी अन्य जानकारी जानने को मिलेगी।
क्या होता है ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट
ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट एक ऐसा एयरपोर्ट होता है, जो कि पूरी तरह से नए या खाली स्थान पर बनता है। यह स्थान कृषि, जंगल या बंजर भूमि भी हो सकता है। इस एयरपोर्ट को शून्य से विकसित किया जाता है। ऐसे में यहां 'ग्रीनफील्ड' शब्द एक ऐसे खाली मैदान या भूमि को दर्शाता है, जहां पहले से कोई भी पुराना बुनियादी ढांचा या इमारत मौजूद नहीं हो।
क्या होता है Brownfield
ग्रीनफील्ड के विपरित ब्राउनफील्ड होता है। जब किसी पहले से बने हुए एयरपोर्ट का विस्तार या आधुनिकीकरण किया जाता है, तो उसे ब्राउनफील्ड एयरपोर्ट कहा जाता है।
ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट की मुख्य विशेषताएं
-इसमें रनवे, टर्मिनल, बिल्डिंग, एयर ट्रैफिक कंट्रोल टॉवर, कार्गो हब और सड़कें सब नए बनाए जाते हैं।
-इस तरह के एयरपोर्ट शहर से दूरी पर खाली जमीन पर बने होते हैं। ऐसे में यहां जमीन की कमी नहीं होती है। यहां भविष्य में नए रनवे या टर्मिनल बनाए जा सकते हैं।
-ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट को शुरू से ही पर्यावरण के अनुकूल बनाया जाता है। इसमें सौर ऊर्जा प्लांट से लेकर वॉटर रीसाइक्लिंग प्लांट तक शामिल होते हैं। वहीं, एयरपोर्ट बनाने में डिजीटल तकनीकों का इस्तेमाल भी किया जाता है।
क्यों बनाए जाते हैं ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट
-ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का निर्माण ब्राउनफील्ड एयरपोर्ट पर बढ़ते दबाव को कम करने के लिए किया जाता है। क्योंकि, जब यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है और रनवे बनाने के लिए जगह नहीं होती है, तो ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट ही बनाए जाते हैं। इसका उदाहरण नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट है, जिससे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दबाव कम होगा।
-पुराने एयरपोर्ट के रनवे कई बार बड़े हवाई जहाजों की लैंडिंग को संभालने में असक्षम हो जाते हैं। इस वजह से ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट पर पहले से आधुनिक रनवे तैयार किये जाते हैं, जिन पर बड़े मालवाहक विमान उतार सके।
-एक ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का निर्माण होने से पूरे क्षेत्र का भूगोल बदल जाता है। क्योंकि, इसके आसपास नए एक्सप्रेसवे, होटल, लॉजिस्टिक्स पार्क, फैक्ट्रियां और व्यापारिक केंद्र का निर्माण हो जाता है। ऐसे में बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार मिलता है।
-इन्हें बनाना चुनौतीपूर्ण होता है, लेकिन भविष्य की योजनाओं को देखते हुए ग्रीनफील्ड को अपने हिसाब से ढाला जा सकता है। यही वजह है कि सरकारें ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाती हैं।
A seasoned journalist and Multimedia Producer with over 8 years of experience in print and digital media, Kishan specializes in turning complex topics into clear, compelling narratives. Currently working as a Senior Content Writer in the GK section at Jagran Josh, he brings deep subject expertise in History, Polity, and Geography, writing on national and international affairs from a general knowledge perspective. He can be reached at Kishan.kumar@jagrannewmedia.com.