क्या हार्दिक पांड्या का MI से खत्म होगा सफर? इन दो टीमों के बीच बड़ी ट्रेड डील की चर्चा
मुंबई इंडियंस प्रबंधन अगले सप्ताह एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित करने वाला है। इस बैठक में सिर्फ खिलाड़ियों के प्रदर्शन की ही नहीं, बल्कि टीम के भविष्य और नेतृत्व को लेकर भी बड़े फैसले लिए जा सकते हैं।
आईपीएल 2026 मुंबई इंडियंस के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा। पांच बार की चैंपियन टीम पॉइंट्स टेबल में नौवें स्थान पर रही और पूरे सीजन में उसका प्रदर्शन उम्मीदों पर खरा नहीं रहा। अब इस निराशाजनक प्रदर्शन के बाद फ्रेंचाइज़ी में बड़े बदलावों की अटकलें तेज़ हो गई हैं।
रेवस्पोर्ट्ज की एक रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई इंडियंस स्टार ऑलराउंडर और कप्तान हार्दिक पांड्या से अलग होने पर विचार कर सकती है। इतना ही नहीं, उनकी जगह राजस्थान रॉयल्स के युवा स्टार ओपनर यशस्वी जायसवाल को टीम में लाने की चर्चा भी जोरों पर है।
अगले हफ्ते होगी मुंबई इंडियंस की बड़ी बैठक
बताया जा रहा है कि मुंबई इंडियंस प्रबंधन अगले सप्ताह एक अहम समीक्षा बैठक करने वाला है। इस बैठक में सिर्फ खिलाड़ियों के प्रदर्शन की ही नहीं, बल्कि टीम के भविष्य और नेतृत्व को लेकर भी बड़े फैसले लिए जा सकते हैं। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि हार्दिक पांड्या के करीबी लोग राजस्थान रॉयल्स के साथ संभावित ट्रेड को लेकर बातचीत कर रहे हैं। हालांकि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
रोहित शर्मा के बाद यशस्वी पर नजर
मुंबई इंडियंस लंबे समय से भविष्य की टीम तैयार करने की दिशा में काम कर रही है। ऐसे में यशस्वी जायसवाल को रोहित शर्मा के संभावित उत्तराधिकारी के रूप में देखा जा रहा है।
पिछले कुछ वर्षों में यशस्वी ने जिस तरह आईपीएल और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी छाप छोड़ी है, उसे देखते हुए वह किसी भी टीम के लिए लंबे समय का निवेश साबित हो सकते हैं।
सूर्यकुमार यादव का भविष्य भी सवालों में
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि मुंबई इंडियंस कुछ बड़े नामों को रिलीज करने पर विचार कर सकती है। इनमें भारत के पूर्व टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव का नाम भी शामिल बताया जा रहा है।
कप्तानी की रेस में सबसे आगे तिलक वर्मा
हार्दिक पांड्या के भविष्य को लेकर उठ रहे सवालों के बीच कप्तानी को लेकर भी चर्चाएं शुरू हो गई हैं। युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा को टीम के भविष्य के कप्तान के रूप में देखा जा रहा है। बता दें की हाल ही में भारतीय टी20 टीम का उपकप्तान बनाए जाने के बाद तिलक का कद और बढ़ा है।
चोट ने बढ़ाई हार्दिक की मुश्किलें
जहां एक तरफ उनके आईपीएल भविष्य को लेकर अटकलें लग रही हैं, वहीं दूसरी तरफ हार्दिक पांड्या को फिटनेस ने भी बड़ा झटका दिया है।
रिपोर्ट के अनुसार, क्वाड्रिसेप्स स्ट्रेन (जांघ की मांसपेशी में खिंचाव) के कारण वह अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। हार्दिक बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में फिटनेस टेस्ट के लिए पहुंचे थे, जहां उन्हें यह नई चोट लगी।
2027 विश्व कप से पहले बढ़ी चिंता
हार्दिक पांड्या भारतीय टीम की 2027 वनडे विश्व कप योजनाओं का अहम हिस्सा माने जाते हैं। 2023 विश्व कप में लगी एंकल इंजरी के बाद भी टीम ने महसूस किया था कि उनके बिना संतुलन प्रभावित होता है।
MI में क्या शुरू होने वाला है नया दौर?
फिलहाल हार्दिक पांड्या के ट्रेड को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन रिपोर्ट्स ने क्रिकेट जगत में हलचल जरूर मचा दी है। अगर यह सौदा होता है तो यह आईपीएल इतिहास के सबसे चर्चित ट्रेड्स में से एक हो सकता है।
Bagesh Yadav is a journalist and current affairs analyst with over six years of experience in education journalism, national and international affairs, and digital media. He has contributed to India’s leading knowledge platforms, including Vision IAS and Only IAS, and currently serves in a senior editorial role at Jagranjosh.com, where he leads coverage across the Current Affairs and General Knowledge sections. His expertise spans breaking news, government policy analysis, world affairs, sports updates, science and technology, and visually engaging infographics. Known for his commitment to factual accuracy, editorial integrity, and audience-first storytelling, Bagesh delivers well-researched, accessible, and impactful journalism that serves millions of students, competitive exam aspirants, and informed readers across India.