मोदी सरकार दे रही है पहली नौकरी पर ₹15,000! क्या है PM विकसित भारत रोजगार योजना, कैसे मिलेगा फायदा?
PM VBRY Scheme: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज ‘प्रधानमंत्री विकसित भारत रोज़गार योजना’ के तहत करीब 2,400 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि जारी करने जा रहे है। योजना में पहली बार नौकरी पाने वाले युवाओं को ₹15,000 तक की सहायता मिलेगी, जबकि नए रोजगार देने वाले नियोक्ताओं को प्रति कर्मचारी ₹3,000 प्रतिमाह का प्रोत्साहन दिया जाएगा।
PM VBRY Yojana: यदि आपने हाल ही में अपनी पहली नौकरी शुरू की है, तो यह खबर आपके लिए बेहद खास है। वहीं, नए रोजगार अवसर पैदा करने वाले छोटे और मध्यम व्यवसायों को भी इस योजना से बड़ा लाभ मिलने वाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज विज्ञान भवन में शाम 5 बजे आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में ‘प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना’ (PM VBRY) के तहत करीब 2,400 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि जारी करेंगे। इस योजना का उद्देश्य युवाओं को रोजगार के लिए प्रोत्साहित करना, औपचारिक नौकरियों को बढ़ावा देना और देशभर में नए रोजगार अवसरों को उपलब्ध कराना है।
पहली नौकरी मिलने पर मिलेंगे ₹15,000
केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत पहली बार नौकरी शुरू करने वाले युवाओं को 15,000 रुपये तक की एकमुश्त आर्थिक सहायता डायरेक्ट उनके बैंक अकाउंट में ट्रांसफर की जाएगी। सरकार का मानना है कि करियर की शुरुआत में मिलने वाली यह राशि युवाओं के लिए बड़ा सहारा साबित हो सकती है।
क्या है PM विकसित भारत रोजगार योजना
प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (PM VBRY) केंद्र सरकार की रोजगार प्रोत्साहन योजना है, जिसका उद्देश्य युवाओं को औपचारिक नौकरियों से जोड़ना और नए रोजगार अवसरों को बढ़ावा देना है। इसके तहत पहली नौकरी पाने वाले युवाओं को ₹15,000 तक की सहायता और नए कर्मचारियों की भर्ती करने वाले नियोक्ताओं को प्रोत्साहन राशि दी जाती है।
कंपनियों को भी मिलेगा प्रोत्साहन
सरकार सिर्फ नौकरी पाने वालों को ही नहीं, बल्कि नई भर्तियां करने वाले नियोक्ताओं को भी लाभ दे रही है। योजना के तहत प्रत्येक नए कर्मचारी की नियुक्ति पर नियोक्ता को 3,000 रुपये प्रतिमाह तक का प्रोत्साहन दिया जाएगा। इससे कंपनियों को अधिक लोगों को रोजगार देने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
कब शुरू हुई थी यह योजना
1 अगस्त 2025 से शुरू हुई इस योजना के तहत अब तक देशभर में करीब 15 लाख नए रोजगार अवसर पैदा किए जा चुके हैं। सरकार ने इस योजना के लिए 99,446 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है।
अगले दो वर्षों में 3.5 करोड़ नौकरियों का टारगेट
सरकार का लक्ष्य अगले दो वर्षों में 3.5 करोड़ से अधिक रोजगार अवसर पैदा करना है। इनमें करीब 1.92 करोड़ ऐसे युवा शामिल होंगे जो पहली बार कार्यबल का हिस्सा बनेंगे।
मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को मिलेगा विशेष लाभ
रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के लिए विनिर्माण (मैन्युफैक्चरिंग) क्षेत्र को विशेष प्राथमिकता दी गई है। इस सेक्टर में नई नौकरियां देने वाले नियोक्ताओं को चार साल तक प्रोत्साहन राशि मिलेगी, जबकि अन्य क्षेत्रों में यह लाभ दो साल तक दिया जाएगा।
युवाओं और अर्थव्यवस्था दोनों को मिलेगा फायदा
सरकार का कहना है कि यह योजना केवल रोजगार बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य युवाओं को औपचारिक रोजगार से जोड़ना, सामाजिक सुरक्षा का दायरा बढ़ाना और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देना भी है। PM VBRY को विकसित भारत के लक्ष्य प्राप्ति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Bagesh Yadav is a journalist and current affairs analyst with over six years of experience in education journalism, national and international affairs, and digital media. He has contributed to India’s leading knowledge platforms, including Vision IAS and Only IAS, and currently serves in a senior editorial role at Jagranjosh.com, where he leads coverage across the Current Affairs and General Knowledge sections. His expertise spans breaking news, government policy analysis, world affairs, sports updates, science and technology, and visually engaging infographics. Known for his commitment to factual accuracy, editorial integrity, and audience-first storytelling, Bagesh delivers well-researched, accessible, and impactful journalism that serves millions of students, competitive exam aspirants, and informed readers across India.