राजस्थान का इकलौता जिला, जहां सबसे पहले होता है सूर्योदय और सूर्यास्त
राजस्थान क्षेत्रफल के हिसाब से भारत का सबसे बड़ा राज्य है। इस लेख में हम यहां एक ऐसे जिले के बारे में जानेंगे, जहां सबसे पहले सूर्योदय और सूर्यास्त होता है।
राजस्थान राज्य क्षेत्रफल के हिसाब से भारत का सबसे बड़ा राज्य है। यहां का गौरवशाली और समृद्ध इतिहास इसे अन्य राज्यों से अलग बनाता है। इस राज्य को राजाओं का गढ़ भी कहा जाता है, जहां आज भी ऐतिहासिक और प्रसिद्ध किले देखे जा सकते हैं। राज्य में अलग-अलग जिले अपनी विशेषताओं की वजह से जाने जाते हैं। हालांकि, इनमें एक जिला ऐसा भी है, जहां सबसे पहले सूर्योदय और सूर्यास्त होता है।
सबसे पहले सूर्योदय और सूर्यास्त वाला जिला
राजस्थान का धौलपुर ऐसा इकलौता जिला है, जहां सबसे पहले सूर्योदय और सूर्यास्त होता है। यह
राजस्थान के पूर्वी छोर पर स्थित एक ऐतिहासिक और भौगोलिक रूप से महत्त्वपूर्ण जिला है, जो कि उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की सीमाओं से सटा हुआ है। यह जिला राज्य की पूर्वी सीमा का द्वार माना जाता है।
सबसे पहले सूर्योदय और सूर्यास्त का भौगोलिक कारण
धौलपुर राजस्थान का सबसे पूर्वी जिला है, जहां 77 डिग्री 53 मिनट पूर्वी देशांतर पर स्थित सिलौना गांव है। पृथ्वी पश्चिम से पूर्व दिशा की ओर घूमती है, इसलिए जो स्थान जितना पूर्व में होगा, सूर्य की किरणें सबसे पहले वहीं पड़ेंगी।
जैसलमेर से समय का अंतर
धौलपुर पूर्वी छोर पर है, जबकि जैसलमेर पश्चिमी छोर पर है। इनके बीच लगभग 36 मिनट का समय अंतर होता है। यानी, धौलपुर में जैसलमेर से लगभग 36 मिनट पहले सूरज उगता है और ढलता है।
कहा जाता है 'रेड डायमंड सिटी'
आपको बता दें कि धौलपुर को पूरे भारत में 'रेड डायमंड' के नाम से जाना जाता है। यहां पाया जाने वाला विशेष प्रकार का लाल बलुआ पत्थर बेहद प्रसिद्ध है। आपको बता दें कि दिल्ली का लाल किला, आगरा का किला, राष्ट्रपति भवन और पुराना संसद भवन जैसी ऐतिहासिक इमारतों के निर्माण में धौलपुर के लाल पत्थर का ही इस्तेमाल किया गया है।
धौलपुर का इतिहास और रियासत
धौलपुर को लेकर माना जाता है कि इसकी स्थापना 11वीं शताब्दी में तोमर वंश के राजा धवल देव ने की थी। उनके नाम पर ही इसका नाम 'धौलपुर' पड़ा। ब्रिटिश काल में यह एक प्रमुख जाट रियासत हुआ करती थी, जिसके अंतिम शासक महाराजा राणा उदयभान सिंह थे।
आजादी के बाद धौलपुर रियासत का विलय मत्स्य संघ में हुआ और बाद में यह राजस्थान का हिस्सा बनी। 15 अप्रैल 1982 को भरतपुर से अलग करके धौलपुर को राजस्थान का 27वां जिला बनाया गया था।
A seasoned journalist and Multimedia Producer with over 8 years of experience in print and digital media, Kishan specializes in turning complex topics into clear, compelling narratives. Currently working as a Senior Content Writer in the GK section at Jagran Josh, he brings deep subject expertise in History, Polity, and Geography, writing on national and international affairs from a general knowledge perspective. He can be reached at Kishan.kumar@jagrannewmedia.com.