LPG सिलेंडरों पर A-24, B-26 और C-25 जैसे कोड देखकर न हों कंफ्यूज, क्या बताते हैं ये कोड? जानें यहां

Last Updated: Aug 3, 2026, 22:05 IST

एलपीजी सिलेंडर पर लिखे कोड सिलेंडर की एक्सपायरी डेट नहीं बताते, बल्कि यह बताते हैं कि सिलेंडर की अगली अनिवार्य सुरक्षा जांच कब होनी है। दूसरे शब्दों में कहें तो यह कोड एक तरह का सुरक्षा संकेत है।

आखिर इन कोड्स की जरूरत क्यों पड़ती है?
आखिर इन कोड्स की जरूरत क्यों पड़ती है?

एलपीजी सिलेंडर आज लगभग हर घर की जरूरत बन चुका है। लेकिन क्या आपने कभी सिलेंडर के ऊपरी हिस्से पर लिखे A-24, B-26, C-25 जैसे कोड्स पर ध्यान दिया है? ज्यादातर लोग इन्हें सिलेंडर की एक्सपायरी डेट समझ लेते हैं। यही वजह है कि कई बार लोग ऐसे सिलेंडर लेने से घबरा जाते हैं या भ्रमित हो जाते हैं।

हालांकि सच्चाई कुछ और ही है। दरअसल, ये कोड सिलेंडर की एक्सपायरी डेट नहीं बताते, बल्कि यह जानकारी देते हैं कि सिलेंडर की अगली अनिवार्य सुरक्षा जांच (Safety Testing) कब होनी है। दूसरे शब्दों में कहें तो यह कोड एक तरह का सुरक्षा संकेत है। 

क्या होता है A-24 और B-26 का मतलब?

एलपीजी सिलेंडर पर लिखा कोड दो हिस्सों में बंटा होता है। पहला हिस्सा अंग्रेजी का एक अक्षर होता है और दूसरा हिस्सा दो अंकों का वर्ष।

A-24 का मतलब है कि सिलेंडर की अगली जांच जनवरी से मार्च 2024 के बीच होनी थी।

B-26 का मतलब है कि सिलेंडर की जांच अप्रैल से जून 2026 के बीच थी।

अक्षरों का क्या होता है मतलब?

सिलेंडर पर लिखे A, B, C और D वर्ष की चार तिमाहियों (Quarter) को दर्शाते हैं।

लेटर 

अवधि

A

जनवरी – मार्च

B

अप्रैल – जून

C

जुलाई – सितंबर

D

अक्टूबर – दिसंबर

जबकि कोड में लिखा 24, 25 या 26 उस वर्ष को दर्शाता है जिसमें सिलेंडर की अगली सुरक्षा जांच होनी है।

उदाहरण के तौर पर

  • A-24 - जनवरी से मार्च 2024

  • B-26 - अप्रैल से जून 2026

  • C-26 - जुलाई से सितंबर 2026

  • D-25 - अक्टूबर से दिसंबर 2025

आखिर इन कोड्स की जरूरत क्यों पड़ती है? 

एलपीजी सिलेंडर मजबूत जरूर होते हैं, लेकिन हमेशा के लिए नहीं। लगातार उपयोग के कारण इनमें जंग लग सकती है, धातु कमजोर हो सकती है या वाल्व और फिटिंग्स में खराबी आ सकती है।

इसी वजह से समय-समय पर सिलेंडरों की तकनीकी जांच की जाती है। इस जांच में यह देखा जाता है कि:

  • सिलेंडर की बॉडी सुरक्षित है या नहीं

  • कहीं जंग या दरार तो नहीं है

  • वाल्व और अन्य फिटिंग्स सही तरह काम कर रही हैं या नहीं

  • सिलेंडर दबाव वाली गैस को सुरक्षित रूप से रखने में सक्षम है या नहीं

यह पूरी प्रक्रिया Gas Cylinder Rules, 2016 के तहत अनिवार्य है, ताकि गैस रिसाव और संभावित हादसों से बचा जा सके।

कितने समय बाद होती है जांच?

आमतौर पर एलपीजी सिलेंडरों की हर पांच साल में री-टेस्टिंग की जाती है। जांच पूरी होने के बाद सिलेंडर पर अगली टेस्टिंग की नई तिथि अंकित कर दी जाती है।

यदि आपको A-24 वाला सिलेंडर मिले तो क्या करें?

अगर किसी सिलेंडर पर A-24 लिखा है और उसकी टेस्टिंग अवधि समाप्त हो चुकी है, तो आप उसे लेने से इनकार कर सकते हैं। गैस एजेंसी की जिम्मेदारी है कि वह उपभोक्ताओं को वैध और सुरक्षित सिलेंडर उपलब्ध कराए।

सिलेंडर का कोड कहां देखें?

सिलेंडर के ऊपरी हिस्से में मौजूद धातु की रिंग (Metal Collar) पर यह कोड उभरा हुआ लिखा होता है। सिलेंडर लेते समय एक बार इस कोड को जरूर जांच लें। यह छोटी-सी सावधानी आपको बड़ी परेशानी से बचा सकती है। 

याद रखें, सिलेंडर पर लिखा यह कोड सिर्फ एक नंबर नहीं, बल्कि आपकी सुरक्षा से जुड़ा एक महत्वपूर्ण संकेत है। 

Bagesh Yadav
Bagesh Yadav

Senior Executive - Editorial

Bagesh Yadav is a journalist and current affairs analyst with over six years of experience in education journalism, national and international affairs, and digital media. He has contributed to India’s leading knowledge platforms, including Vision IAS and Only IAS, and currently serves in a senior editorial role at Jagranjosh.com, where he leads coverage across the Current Affairs and General Knowledge sections. His expertise spans breaking news, government policy analysis, world affairs, sports updates, science and technology, and visually engaging infographics. Known for his commitment to factual accuracy, editorial integrity, and audience-first storytelling, Bagesh delivers well-researched, accessible, and impactful journalism that serves millions of students, competitive exam aspirants, and informed readers across India.

... Read More
First Published: Aug 3, 2026, 22:05 IST

आप जागरण जोश पर भारत, विश्व समाचार, खेल के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए समसामयिक सामान्य ज्ञान, सूची, जीके हिंदी और क्विज प्राप्त कर सकते है. आप यहां से कर्रेंट अफेयर्स ऐप डाउनलोड करें.

Trending

Latest Education News