सचिन तेंदुलकर का महा रिकॉर्ड तोड़ने के लिए टेस्ट क्रिकेट में जो रूट को है कितने रनों की जरुरत?
हाल के दिनों में इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जो रूट शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में उन्होंने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 14,000 टेस्ट रनों का आकड़ा पार कर लिया है । इसके साथ ही वह टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में इस मुकाम तक पहुंचने वाले सिर्फ दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं।
Joe Root vs Sachin Tendulkar: टेस्ट क्रिकेट में जब भी बल्लेबाजी के सबसे बड़े रिकॉर्ड्स की बात होती है, तो सबसे ऊपर सचिन तेंदुलकर का नाम आता है। 24 साल लंबे करियर में बनाए गए उनके 15,921 टेस्ट रन आज भी क्रिकेट इतिहास का सबसे बड़ा आंकड़ा हैं। लंबे समय तक यह माना जाता रहा कि इस रिकॉर्ड तक पहुंचना किसी भी बल्लेबाज के लिए लगभग नामुमकिन है।
लेकिन अब इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट इस रिकॉर्ड के बेहद करीब पहुंच चुके हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ द ओवल टेस्ट में नाबाद 75 रन की पारी खेलने के बाद रूट के नाम 14,075 टेस्ट रन हो गए हैं। ऐसे में क्रिकेट जगत में एक बार फिर चर्चा शुरू हो गई है कि क्या सचिन का सबसे बड़ा टेस्ट रिकॉर्ड अब खतरे में है?
सचिन से अब सिर्फ 1,846 रन दूर हैं रूट
जो रूट ने पिछले कुछ वर्षों में जिस निरंतरता के साथ रन बनाए हैं, उसने उन्हें टेस्ट क्रिकेट के महानतम बल्लेबाजों की सूची में खड़ा कर दिया है।
फिलहाल रूट के नाम 14,075 रन हैं, जबकि सचिन तेंदुलकर ने अपने करियर का अंत 15,921 टेस्ट रनों के साथ किया था। सचिन की बराबरी करने के लिए रूट को 1,846 रन चाहिए और रिकॉर्ड तोड़ने के लिए उन्हें 1,847 रन और बनाने होंगे।
सचिन बनाम रूट टेस्ट करियर हाई लाइट्स
| सचिन तेंदुलकर | स्टैट्स | जो रूट (22 June 26) |
| 15,921 | कुल रन | 14,075 |
| 200 | टेस्ट मैच | 165 |
| 329 | इनिंग्स | 302 |
| 51 | शतक | 41 |
| 68 | अर्धशतक | 67 |
| 53.8 | औसत | 50.81 |
148 साल के टेस्ट इतिहास में सिर्फ दूसरे बल्लेबाज
टेस्ट क्रिकेट का इतिहास 148 साल पुराना है, लेकिन 14,000 रन का आंकड़ा सिर्फ दो बल्लेबाज ही छू पाए हैं। पहले खिलाड़ी हैं सचिन तेंदुलकर और दूसरे हैं जो रूट खिलाड़ी है।
कितने मैचों में टूट सकता है रिकॉर्ड?
जो रूट का करियर औसत लगभग 51 का है। अगर वह इसी लय में बल्लेबाजी करते रहे तो उन्हें रिकॉर्ड तक पहुंचने के लिए करीब 18 से 19 टेस्ट मैच और खेलने पड़ सकते हैं। रूट पिछले कुछ सालों से औसतन 1,100 टेस्ट रन प्रति वर्ष बना रहे हैं। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि वह 2028 की शुरुआत या मध्य तक सचिन का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। लेकिन हमें यह भी ध्यान रखना होगा कि क्रिकेट अनिश्चितताओं का खेल है।
क्यों खास है सचिन का यह रिकॉर्ड?
सिर्फ 15,921 रन ही नहीं, बल्कि जिस तरह सचिन ने यह रिकॉर्ड बनाया, वही उन्हें महान बनाते है। सचिन ने 1989 से 2013 तक 24 साल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेला। उन्होंने 200 टेस्ट मैच खेले, 51 शतक लगाए और दुनिया के लगभग हर बड़े गेंदबाजी आक्रमण का सामना किया।
रूट भी रच रहे हैं अपनी अलग कहानी
इंग्लैंड के इस बल्लेबाज ने पिछले कुछ वर्षों में लगभग हर परिस्थिति में रन बनाए हैं। चाहे एशिया की स्पिन पिचें हों या ऑस्ट्रेलिया की तेज विकेट, रूट ने खुद को हर जगह साबित किया है। उनके नाम पहले ही 40 से ज्यादा टेस्ट शतक दर्ज हैं और वह इंग्लैंड के इतिहास के सबसे सफल बल्लेबाजों में शामिल हो चुके हैं।
सिर्फ रन ही नहीं, और रिकॉर्ड भी निशाने पर
सचिन के रन रिकॉर्ड के अलावा रूट के पास कुछ और बड़े रिकॉर्ड तोड़ने का भी मौका है। वह पहले ही टेस्ट क्रिकेट की चौथी पारी में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं। इसके अलावा अगर उनकी फॉर्म बरकरार रहती है तो वह सचिन के 51 टेस्ट शतकों के आंकड़े को भी चुनौती दे सकते हैं।
क्रिकेट जगत की नजरें अब रूट पर
जब सचिन तेंदुलकर ने 2013 में क्रिकेट को अलविदा कहा था, तब बहुत कम लोगों ने सोचा होगा कि कोई बल्लेबाज उनके 15,921 टेस्ट रनों के करीब भी पहुंच पाएगा। लेकिन 13 साल बाद जो रूट ने इस असंभव दिखने वाले लक्ष्य को वास्तविक चुनौती में बदल दिया है।
Bagesh Yadav is a journalist and current affairs analyst with over six years of experience in education journalism, national and international affairs, and digital media. He has contributed to India’s leading knowledge platforms, including Vision IAS and Only IAS, and currently serves in a senior editorial role at Jagranjosh.com, where he leads coverage across the Current Affairs and General Knowledge sections. His expertise spans breaking news, government policy analysis, world affairs, sports updates, science and technology, and visually engaging infographics. Known for his commitment to factual accuracy, editorial integrity, and audience-first storytelling, Bagesh delivers well-researched, accessible, and impactful journalism that serves millions of students, competitive exam aspirants, and informed readers across India.