नया Aadhaar App बना लोगों की पहली पसंद, 3 महीने में 2.1 करोड़ डाउनलोड; जानें स्विच करने का तरीका और फीचर्स
नया Aadhaar App लोगों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। लॉन्च के सिर्फ तीन महीनों में इसे 2.1 करोड़ से ज्यादा बार डाउनलोड किया जा चुका है। बेहतर सुरक्षा, एडवांस प्राइवेसी फीचर्स और आसान इंटरफेस के साथ यह ऐप मोबाइल नंबर व पता अपडेट जैसी सेवाएं घर बैठे उपलब्ध कराता है।
भारत में डिजिटल पहचान को और आसान और सुरक्षित बनाने के लिए लॉन्च किया गया नया Aadhaar App तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। लॉन्च के महज तीन महीनों के भीतर इस ऐप को 2.1 करोड़ से ज्यादा बार डाउनलोड किया जा चुका है। इसकी मदद से आधार से जुड़ी कई महत्वपूर्ण सेवाएं अब लोगों की उंगलियों पर उपलब्ध हैं, जिससे रोजमर्रा के काम पहले की तुलना में कहीं अधिक आसान हो गए हैं।
यूजर्स इस ऐप के जरिए अपने आधार से जुड़े मोबाइल नंबर और पते को कभी भी, कहीं से भी अपडेट कर पा रहे हैं। आंकड़ों के मुताबिक, अब तक 28 लाख से अधिक लोगों ने नए Aadhaar App के माध्यम से अपना मोबाइल नंबर अपडेट किया है, जबकि करीब 6 लाख यूजर्स ने अपना पता बदलने के लिए इस प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया है।
अगर आप अभी भी अपने स्मार्टफोन में mAadhaar ऐप का उपयोग कर रहे हैं, तो आप भी नए प्लेटफार्म पर आसानी से स्विच कर सकते है. बता दें कि UIDAI ने जनवरी 2026 में इस नए Aadhaar App को लॉन्च किया था। बेहतर डिजाइन, मजबूत सुरक्षा और एडवांस प्राइवेसी फीचर्स से लैस यह ऐप सिर्फ पुराने वर्जन का अपग्रेड नहीं है, बल्कि आधार पहचान को पूरी तरह डिजिटल, सुरक्षित और यूजर-फ्रेंडली है।
आखिर क्यों लाया गया नया Aadhaar App?
अब तक ज्यादातर लोग होटल चेक-इन, KYC या पहचान सत्यापन के लिए आधार कार्ड की फोटोकॉपी या पूरी जानकारी साझा करते थे। इससे डेटा सुरक्षा और प्राइवेसी को लेकर चिंताएं बनी रहती थीं।
नए Aadhaar App का उद्देश्य इसी समस्या को खत्म करना है। UIDAI के मुताबिक, अब यूजर अपनी पूरी आधार जानकारी साझा किए बिना केवल जरूरत भर का डेटा ही किसी संस्था या व्यक्ति के साथ शेयर कर सकेंगे।
क्या है नया Aadhaar App?
नया Aadhaar App UIDAI का नेक्स्ट-जेनरेशन डिजिटल आइडेंटिटी प्लेटफॉर्म है, जो स्मार्टफोन को ही आपकी डिजिटल पहचान का सुरक्षित माध्यम बना देता है। इसकी मदद से आधार से जुड़ी कई सेवाओं का उपयोग बिना किसी फिजिकल दस्तावेज के किया जा सकता है।
नए Aadhaar App के शानदार फीचर्स
जरूरत के हिसाब से जानकारी शेयर करें
अब पूरी आधार डिटेल देने की जरूरत नहीं होगी। QR कोड और डिजिटल क्रेडेंशियल्स के जरिए सिर्फ आवश्यक जानकारी ही साझा की जा सकेगी।
एक क्लिक में बायोमेट्रिक लॉक और अनलॉक
फिंगरप्रिंट और आईरिस डेटा को ऐप से ही लॉक या अनलॉक किया जा सकता है, जिससे आधार की सुरक्षा और मजबूत हो जाती है।
आधार इस्तेमाल का पूरा रिकॉर्ड
यूजर यह देख सकेंगे कि उनके आधार का उपयोग कब और कहां किया गया।
फेस ऑथेंटिकेशन की सुविधा
पहचान सत्यापन के लिए फेस वेरिफिकेशन फीचर भी दिया गया है, जिससे प्रक्रिया और आसान हो जाती है।
QR कोड से फास्ट वेरिफिकेशन
कुछ सेकंड में QR कोड स्कैन कर आधार सत्यापन किया जा सकता है।
एक फोन में 5 आधार प्रोफाइल
परिवार के अन्य सदस्यों के आधार प्रोफाइल भी एक ही डिवाइस में जोड़े जा सकते हैं।
मोबाइल नंबर अपडेट करने की सुविधा
यूजर ऐप के जरिए आधार से लिंक मोबाइल नंबर अपडेट कर सकते हैं। भविष्य में और भी सेवाएं जोड़े जाने की संभावना है।
क्यों खास है यह ऐप?
UIDAI का कहना है कि नया Aadhaar App "डेटा मिनिमाइजेशन" और "कंसेंट-बेस्ड शेयरिंग" मॉडल पर काम करता है। इसका मतलब है कि अब किसी होटल, ऑफिस या सेवा प्रदाता को आपकी पूरी आधार संख्या देखने की जरूरत नहीं होगी।
नया Aadhaar App कैसे डाउनलोड करें?
Android यूजर्स
Google Play Store ओपन करें।
"Aadhaar" सर्च करें।
डेवलपर के रूप में UIDAI की पुष्टि करें।
ऐप इंस्टॉल करें।
आधार से लिंक मोबाइल नंबर के जरिए वेरिफिकेशन पूरा करें।
iPhone यूजर्स
Apple App Store खोलें।
"Aadhaar" सर्च करें।
UIDAI द्वारा प्रकाशित आधिकारिक ऐप डाउनलोड करें।
मोबाइल नंबर वेरिफाई कर सेटअप पूरा करें।
mAadhaar से नए Aadhaar App में कैसे जाएं?
यदि आप mAadhaar ऐप इस्तेमाल कर रहे हैं, तो नए ऐप में दोबारा रजिस्ट्रेशन करना होगा।
नया Aadhaar App डाउनलोड करें।
जरूरी परमिशन (कैमरा, SMS आदि) दें।
अपना 12 अंकों का आधार नंबर दर्ज करें।
OTP के जरिए मोबाइल नंबर वेरिफाई करें।
जरूरत पड़ने पर फेस ऑथेंटिकेशन पूरा करें।
सुरक्षा के लिए PIN सेट करें।
बायोमेट्रिक लॉक/अनलॉक फीचर एक्टिव करें।
नया Aadhaar App पहले से ज्यादा सुरक्षित
डिजिटल इंडिया के इस दौर में नया Aadhaar App आधार सेवाओं को पहले से ज्यादा सुरक्षित, स्मार्ट और सुविधाजनक बनाने वाला प्लेटफॉर्म बनकर उभरा है। यदि आप आधार से जुड़ी सेवाओं का आधुनिक और सुरक्षित तरीके से उपयोग करना चाहते हैं, तो नए Aadhaar App पर स्विच करना आपके लिए एक बेहतर विकल्प हो सकता है। आने वाले समय में यही ऐप आधार सेवाओं का मुख्य माध्यम बनने जा रहा है।
Bagesh Yadav is an experienced content professional with over 5 years of experience in covering education, general news, national, and international affairs. He has contributed to leading platforms like Vision IAS and Only IAS. Bagesh specializes in crafting impactful content, including current news articles, trending stories, sports updates, world affairs, and engaging infographics. He delivers high-quality, informative, and inspiring content, focusing on audience engagement and achieving positive results. Currently working as a Senior Content Writer for the Current Affairs and General Knowledge sections of jagranjosh.com, he can be reached at bagesh.yadav@jagrannewmedia.com.