भारत का पहला 100 फीसदी बीमा कवरेज वाला जिला, जानें
भारत के राजस्थान में एक जिला ऐसा भी है, जो कि देश का पहला 100 फीसदी बीमा कवरेज वाला जिला बना है। कौन-सा है यह जिला और कैसे मिली यह उपलब्धि, जानने के लिए पूरे लेख पढ़ें।
राजस्थान क्षेत्रफल के हिसाब से देश का सबसे बड़ा राज्य है। यहां एक जिला ऐसा भी है, जो कि देश का पहला 100 फीसदी बीमा कवरेज वाला जिला बन गया है। ऐसे में दुर्घटना, बीमारी या परिवार के मुख्य कमाऊ सदस्य की मृत्यु होने पर बीमा कवर परिवारों को भारी कर्ज के जाल में फंसने से बचाने में उपयोगी साबित हुआ है। कौन-सा है यह जिला, जानने के लिए पूरा लेख पढ़ें।
100 फीसदी बीमा कवरेज वाला जिला
राजस्थान का अलवर जिला देश का पहला ऐसा जिला बन गया है, जिसने 100 प्रतिशत बीमा कवरेज का ऐतिहासिक लक्ष्य हासिल किया है। यह उपलब्धि भारत सरकार के वित्त मंत्रालय और भारतीय बीमा नियामक एवं विकास प्राधिकरण (IRDAI) के 2047 तक सभी के लिए बीमा रोडमैप के तहत हासिल की गई है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य देश के प्रत्येक नागरिक को जीवन, स्वास्थ्य और दुर्घटना बीमा के दायरे में लाकर वित्तीय सुरक्षा प्रदान करना है।
कैसे हासिल हुई यह उपलब्धि?
इस उपलब्धि को हासिल करने के लिए अलवर प्रशासन और बीमा कंपनियों ने मिलकर रणनीति बनाई थी। इसके तहत जिले के ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में सर्वे चलाया गया। इस दौरान 10 साल से अधिक उम्र के उन व्यक्तियों की पहचान की गई, जिनके पास कोई बीमा सुरक्षा नहीं थी। प्रशासनिक टीमों ने यह सुनिश्चित किया कि कोई भी पात्र नागरिक छूट न जाए। शुरुआत में जिले के कुछ गांवों जैसेः भुल्ला का बास, बिछपुरी, मरोड़खुर्द और पालनखेड़ा आदि में 100 फीसदी नागरिकों को नामांकित किया गया।
बीमा कंपनी और एनजीओ की रही भागीदारी
यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेडने इस अभियान में मुख्य बीमाकर्ता के रूप में काम किया। इसके साथ ही NGOs की मदद से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के प्रीमियम का भुगतान सुनिश्चित किया गया, ताकि गरीबों पर वित्तीय बोझ न पड़े।
अलवर अन्य जिलों के लिए बना मॉडल
अलवर का यह मॉडल देश के अन्य जिलों के लिए एक 'मापदंड' बन गया है। इससे पता चलता है कि जमीनी स्तर पर प्रशासनिक इच्छाशक्ति और सार्वजनिक-निजी भागीदारी से सामाजिक सुरक्षा का लक्ष्य पाया जा सकता है। दुर्घटना, बीमारी या परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य की मौत होने पर बीमा कवर ग्रामीण परिवारों को भारी कर्ज के जाल में फंसने से बचाता है। इससे ग्रामीण भारत में बैंकिंग और बीमा सेवाओं के प्रति विश्वास और पहुंच, दोनों मजबूत हुए हैं।
A seasoned journalist and Multimedia Producer with over 8 years of experience in print and digital media, Kishan specializes in turning complex topics into clear, compelling narratives. Currently working as a Senior Content Writer in the GK section at Jagran Josh, he brings deep subject expertise in History, Polity, and Geography, writing on national and international affairs from a general knowledge perspective. He can be reached at Kishan.kumar@jagrannewmedia.com.