यूपी-बिहार वाले हो जाएं तैयार ! दिवाली और छठ पर रेलवे का बड़ा तोहफा
भारतीय रेलवे ने उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल को ध्यान में रखते हुए आगामी त्योहारी सीजन के तहत 100 से ज्यादा स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। इससे लाखों यात्रियों की परेशानी खत्म होगी।
यदि आप भी दिवाली, छठ पूजा और दूर्गा पूजा पर घर जाने की तैयारी कर रहे हैं और रेलवे में टिकट नहीं मिल रहा है, तो परेशानी वाली बात नहीं है। क्योंकि, रेलवे की ओर से इस बार उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल के लिए बड़ा तोहफा है। रेलवे ने त्योहार के मौके पर घर जाने वाले लोगों के लिए तैयारी की है। रेलवे की ओर से त्योहार पर 100 से अधिक स्पेशल ट्रेनें चलाने की योजना है।
अक्टूबर से दिसंबर तक 102 स्पेशल ट्रेनें
भारतीय रेलवे की ओर से अक्टूबर से दिसंबर के बीच 102 स्पेशल ट्रेनें चलाने की योजना है। इन ट्रेनों में अप और डाउन, दोनों रूट की ट्रेनें शामिल हैं। रेलवे की नई लिस्ट में कुछ नई स्पेशल ट्रेन सेवा को जोड़ा गया है, जबकि कुछ पुरानी गाड़ियों के फेरे बढ़ाए गए हैं। इसक अलावा, कुछ ट्रेनों में कोच की संख्या भी बढ़ाई गई है।
IRCTC ने बढ़ाई क्षमता
त्योहारी सीजन को देखते हुए IRCTC ने भी अपनी टिकट बुकिंग क्षमता भी बढ़ाई है। इस कड़ी में आईआरसीटीसी ने अधिक सर्वर लगाने के साथ-साथ एनजीईटी सिस्टम को अपडेट भी किया है। साथ ही, नया यूजर इंटरफेस और एंटी-बॉट तकनीक पर काम किया है। अभी 89 फीसदी ऑनलाइन टिकट बुक हो रहे हैं, जो कि क्षमता बढ़ने के साथ दो गुना होगी।
टिकट वेटिंग कम करने की रहेगी कोशिश
रेलवे के मुताबिक, त्योहारी सीजन आते ही यूपी, बिहार, महाराष्ट्र और गुजरात समेत दक्षिण भारत में लोगों की आवाजाही बढ़ती है। ऐसे में इस समय रेलवे की टिकटिंग भी अधिक होती है, जिससे सीटें कम होने से टिकटें वेटिंग में जाती हैं। इस समस्या से निपटने के लिए रेलवे द्वारा अतिरिक्त ट्रेनों को चलाने के साथ पहले से चल रही ट्रेनों में अतिरिक्त कोच बढ़ाए जा रहे हैं, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
दिल्ली से पटना के बीच चलेंगी क्लोन ट्रेनें
रेलवे द्वारा दिल्ली से पटना के बीच क्लोन ट्रेनें चलाई जाएंगी। इस कड़ी में तेजस राजधानी और संपूर्ण क्रांति की क्लोन ट्रेनें पटरी पर दौड़ेंगी। ये स्पेशल ट्रेनें होंगी, जो कि 1 से 15 नवंबर के बीच दिल्ली से पटना चलेंगी, जबकि 16 नवंबर से 25 नवंबर के बीच पटना से दिल्ली के बीच ट्रेनें चलाई जाएंगी। तेजस ट्रेनों में सभी कोच एसी होंगे, जबकि संपूर्ण क्रांति में स्लीपर और एसी, दोनों श्रेणी के कोच जोड़े जाएंगे।
A seasoned journalist and Multimedia Producer with over 8 years of experience in print and digital media, Kishan specializes in turning complex topics into clear, compelling narratives. Currently working as a Senior Content Writer in the GK section at Jagran Josh, he brings deep subject expertise in History, Polity, and Geography, writing on national and international affairs from a general knowledge perspective. He can be reached at Kishan.kumar@jagrannewmedia.com.