भारत का वह जिला, जिसमें हैं सबसे अधिक ग्राम पंचायतें
भारत में पंचायती राज व्यवस्था के लिए ग्राम पंचायत बहुत ही महत्त्वपूर्ण मानी जाती है। इस कड़ी में भारत के सभी राज्यों और जिलों में ग्राम पंचायतें मौजूद हैं। हालांकि, क्या आप जानते हैं कि भारत के किस जिले में सबसे अधिक ग्राम पंचायते हैं, यदि नहीं, तो इस लेख के माध्यम से हम इस बारे में जानेंगे।
ग्राम पंचायत भारत की त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था यानि कि ग्राम स्तर, ब्लॉक स्तर और जिला स्तर की सबसे बुनियादी और महत्त्वपूर्ण इकाई मानी जाती है। 1992 के 73वें संविधान संशोधन द्वारा इसे संवैधानिक दर्जा प्राप्त हुआ था। इस कड़ी में ग्रामीण भारत के सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक विकास में ग्राम पंचायत का बहुत बड़ा योगदान है। भारत के सभी राज्यों और जिलों में ग्राम पंचायतें हैं, हालांकि क्या आप जानते हैं कि भारत का सबसे अधिक ग्राम पंचायतों वाला जिला कौन-सा है, यदि नहीं, तो इस लेख के माध्यम से हम इस बारे में जानेंगे।
भारत में सबसे अधिक ग्राम पंचायतों वाला जिला
भारत में सबसे अधिक ग्राम पंचायतों वाला जिला आजमगढ़ है, जो कि उत्तर प्रदेश का एक जिला है। इस जिले में कुल 1,858 ग्राम पंचायतें हैं, जो इसे पूरे देश में किसी भी एक जिले में सबसे अधिक ग्राम पंचायतों वाला जिला बनाती हैं।
आजमगढ़ की पंचायती राज व्यवस्था और आंकड़ें
उत्तर प्रदेश पंचायती राज विभाग और प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, आजमगढ़ जिले की स्थिति इस प्रकार है:
-कुल ग्राम पंचायतें: 1,858
-विकास खंड: 22
-तहसीलें: 8, आजमगढ़ सदर, सगड़ी, लालगंज, फूलपुर, बूढ़नपुर, मेहनगर, मार्टिनगंज और निजामाबाद।
-गांवों की संख्या: जिले में लगभग 4,000 से अधिक राजस्व गांव हैं।
जिले में क्यों हैं सबसे अधिक ग्राम पंचायतें
आजमगढ़ उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल क्षेत्र का एक बड़ा और घनी आबादी वाला जिला है, जिसकी बहुसंख्यक आबादी गांवों में रहती है। पूर्वांचल क्षेत्र में आबादी का बिखराव कई छोटे-छोटे मोहल्लों और राजस्व गांवों में है। स्थानीय स्वशासन और विकास निधि के बेहतर वितरण के लिए यहां बड़ी संख्या में ग्राम पंचायतों का गठन किया गया है।
जमीनी स्तर पर फायदा
यहां जमीनी स्तर पर सरकारी योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू करवाने और निगरानी के लिए छोटी-छोटी ग्राम पंचायतों का ढांचा मदद करता है। यदि राज्य के स्तर पर बात करें, तो पूरे भारत में सबसे अधिक ग्राम पंचायतों वाला राज्य उत्तर प्रदेश ही है। यहां 58 हजार से अधिक ग्राम पंचायतें हैं। इसके बाद मध्य प्रदेश दूसरे स्थान पर है, जहां 23000 से अधिक ग्राम पंचायतें हैं।
A seasoned journalist and Multimedia Producer with over 8 years of experience in print and digital media, Kishan specializes in turning complex topics into clear, compelling narratives. Currently working as a Senior Content Writer in the GK section at Jagran Josh, he brings deep subject expertise in History, Polity, and Geography, writing on national and international affairs from a general knowledge perspective. He can be reached at Kishan.kumar@jagrannewmedia.com.