MiG-21 के बाद अब नई फ्लाइट, अभिनंदन वर्धमान ने शुरू की नई उड़ान, ज्वाइन की यह एयरलाइन
Abhinandan Varthaman: भारतीय वायुसेना से विदाई के बाद वीर चक्र विजेता अभिनंदन वर्धमान ने कमर्शियल एविएशन में कदम रख दिया है। वह अब गोवा की क्षेत्रीय एयरलाइन FLY91 के साथ पायलट के तौर पर नई पारी शुरू कर चुके हैं।
भारतीय वायुसेना के पूर्व ग्रुप कैप्टन अभिनंदन एक बार फिर चर्चा में है। लेकिन हम बात साल 2019 की घटना से करते है, जब आसमान में दुश्मन के F-16 का सामना, फिर विमान से इजेक्शन और पाकिस्तान की हिरासत। उस वक्त विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान का नाम पूरे देश की जुबान पर था। उनकी बहादुरी और हौसले ने उन्हें एक अलग पहचान दिलाई।
अब सात साल बाद उनके जीवन में एक और बड़ा मोड़ आया है। भारतीय वायुसेना से विदाई के बाद वीर चक्र विजेता अभिनंदन वर्धमान (Abhinandan Varthaman) ने कमर्शियल एविएशन में कदम रख दिया है। वह अब गोवा की क्षेत्रीय एयरलाइन FLY91 के साथ पायलट के तौर पर नई पारी शुरू कर चुके हैं।
वायुसेना के बाद अब FLY91 में नई जिम्मेदारी
पूर्व भारतीय वायुसेना ग्रुप कैप्टन अभिनंदन ने अगस्त 2026 में FLY91 ज्वाइन की। सैन्य विमान उड़ाने के लंबे अनुभव के बाद अब वह यात्रियों को लेकर कमर्शियल उड़ान भरेंगे।
उनका यह कदम इसलिए भी खास है, क्योंकि जिस आसमान में उन्होंने कभी देश की सुरक्षा के लिए लड़ाकू विमान उड़ाया था, अब उसी आसमान में वह नागरिक विमान के कॉकपिट से नई जिम्मेदारी निभाएंगे।
2019 में पाकिस्तान के F-16 से हुआ था सामना
अभिनंदन को सबसे ज्यादा पहचान 2019 के भारत-पाकिस्तान हवाई संघर्ष से मिली। पुलवामा आतंकी हमले में CRPF के 40 जवानों की शहादत के बाद भारत ने 26 फरवरी को पाकिस्तान के बालाकोट में जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी ठिकाने पर एयर स्ट्राइक की थी।
इसके अगले दिन पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों ने भारतीय सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश की। जवाब में भारतीय वायुसेना ने भी अपने लड़ाकू विमान रवाना किए।
श्रीनगर स्थित 51 स्क्वाड्रन में थे शामिल
बात दें की साल 2019 में विंग कमांडर अभिनंदन श्रीनगर स्थित 51 स्क्वाड्रन का हिस्सा थे और MiG-21 Bison उड़ा रहे थे। इसी हवाई मुकाबले के दौरान उनका सामना पाकिस्तानी F-16 से हुआ। भारतीय वायुसेना के मुताबिक, अभिनंदन ने पाकिस्तानी लड़ाकू विमान को मार गिराया था। हालांकि, कुछ ही देर बाद उनका MiG-21 भी निशाना बन गया और उन्हें विमान से इजेक्ट करना पड़ा था।
तीन दिन पाकिस्तान की हिरासत में रहे
इजेक्ट करने के बाद अभिनंदन पाकिस्तान के नियंत्रण वाले इलाके में जा गिरे, जहां पाकिस्तानी सेना ने उन्हें हिरासत में ले लिया। उनकी तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद भारत में उनके सुरक्षित लौटने को लेकर चिंता बढ़ गई थी। करीब तीन दिन तक हिरासत में रहने के बाद 1 मार्च 2019 की रात पाकिस्तान ने उन्हें भारत को सौंप दिया था।
इजेक्शन के दौरान उन्हें चोटें भी आई थीं, लेकिन इस पूरे घटनाक्रम में उनका संयम और साहस लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
वीर चक्र से हुए सम्मानित
हवाई संघर्ष में उनके साहस और कर्तव्य के प्रति असाधारण समर्पण के लिए अभिनंदन को 2021 में वीर चक्र से सम्मानित किया गया। यह भारत का तीसरा सबसे बड़ा युद्धकालीन वीरता पुरस्कार है। बाद में उन्हें ग्रुप कैप्टन के पद पर पदोन्नत किया गया।
अब फिर आसमान में होगी अभिनंदन की उड़ान
वायुसेना में शानदार करियर के बाद अब अभिनंदन वर्धमान ने अपने लिए एक नया रास्ता चुना है। फर्क सिर्फ इतना है कि पहले उनके कॉकपिट में MiG-21 था और मिशन देश की रक्षा का था, जबकि अब वह कमर्शियल विमान उड़ाकर यात्रियों को उनकी मंजिल तक पहुंचाएंगे।
Bagesh Yadav is a journalist and current affairs analyst with over six years of experience in education journalism, national and international affairs, and digital media. He has contributed to India’s leading knowledge platforms, including Vision IAS and Only IAS, and currently serves in a senior editorial role at Jagranjosh.com, where he leads coverage across the Current Affairs and General Knowledge sections. His expertise spans breaking news, government policy analysis, world affairs, sports updates, science and technology, and visually engaging infographics. Known for his commitment to factual accuracy, editorial integrity, and audience-first storytelling, Bagesh delivers well-researched, accessible, and impactful journalism that serves millions of students, competitive exam aspirants, and informed readers across India.