वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश हो गया है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को लोकसभा में बजट पेश कर दिया है। यह भारत के इतिहास में पहली बार है, जब रविवार को बजट पेश किया जा रहा है।
इस बजट में एक तरफ जहां, पुरानी योजना का विस्तार किया गया है, तो दूसरी तरफ नई योजनाओं का खाका भी खींचा गया है। नए बजट को महिलाओं, किसानों, छात्रों, उद्यमियों और दिव्यांगजनों को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है।
बजट के इतिहास में क्या आप जानते हैं कि भारत में पहली बार कब और कैसे बजट पेश किया गया था। इस लेख में हम इस बारे में जानेंगे।
कब पेश हुआ था पहला बजट
भारत का पहला आम बजट ब्रिटिश काल में पेश किया गया था। साल 1860 में 7 अप्रैल को यह बजट स्कॉटिश अर्थशास्त्री और नेता जेम्स विल्सन ने पेश किया था। उस समय भारत पूरी तरह से ब्रिटिश क्राउन के अधीन था।
वहीं, जेम्स विल्सन पत्रिका के संस्थापक भी रहे थे। यह वही व्यक्ति थे, जिन्होंने 1857 के विद्रोह के बाद बिगड़े आर्थिक हालातों को सुधारने के लिए आयकर का सुझाव दिया था।
कब पेश हुआ स्वतंत्र भारत का पहला बजट
स्वतंत्र भारत का पहला केंद्रीय बजट 26 नवंबर, 1947 को पेश किया गया था। इस बजट को स्वतंत्र भारत के पहले वित्त मंत्री आर. के. शनमुखम चेट्टी द्वारा पेश किया गया था। हालांकि, यह सिर्फ अंतरिम बजट था, जो कि 15 अगस्त, 1947 से 31 मार्च 1948 तक रहा था। इस बजट में देश के बंटवारे के बाद देश में पैदा हुई चुनौतियों पर ध्यान दिया गया था।
कब पेश हुआ गणतंत्र भारत का पहला बजट
साल 1950 में 28 फरवरी को गणतंत्र भारत का पहला बजट पेश किया गया था। उस समय तत्कालीन वित्त मंत्री रहे जॉन मथाई द्वारा यह बजट पेश किया गया था। इस बजट के माध्यम से योजना आयोग की स्थापना की दिशा तय हुई थी। साथ ही, आर्थिक विकास की नई दिशा भी इसी बजट के माध्यम से तय हुई थी।
बजट से जुड़े रोचक तथ्य
-पहले बजट को शाम पांच बजे पेश किया जाता था, लेकिन 1999 से यह सुबह 11 बजे पेश किया जाता है।
-पहले बजट को फरवरी के अंतिम कार्यदिवस को पेश किया जाता था, लेकिन 2017 से यह 1 फरवरी को पेश किया जाता है।
-पहले रेल बजट और आम बजट अलग होते थे, लेकिन 2017 से इन दोनों बजट को एक कर दिया गया।
-1955 तक बजट को सिर्फ अंग्रेजी भाषा में पेश किया जाता था, लेकिन बाद में इसे हिंदी और अंग्रेजी भाषा में पेश किया जाता रहा है।
पढ़ेंः Budget 2026 Govt Schemes: बजट में हुई इन बड़ी योजनाओं की घोषणा, यहां देखें सभी की लिस्ट
Comments
All Comments (0)
Join the conversation