भारत में कितनी है हाथियों की संख्या और किस राज्य में हैं सबसे अधिक हाथी, जानें यहां
भारत में सबसे अधिक हाथी कर्नाटक में पाए जाते हैं। भारत सरकार की ओर से हाथी को राष्ट्रीय विरासत पशु भी घोषित किया गया है।
वन्यजीवों विशेषज्ञों के मुताबिक, जंगल में सबसे खतरनाक जानवर टाइगर नहीं, बल्कि हाथी होता है। क्योंकि, हाथी जब आक्रमक होता है, तो भारी-भरकम गाड़ी को भी पलट सकता है। वहीं, हाथी को जंगल का माली भी कहा जाता है। यह जंगल में घूमने के दौरान नए रास्ते का निर्माण करता है, जिससे अन्य वन्यजीवों के लिए भी नया रास्ता बनता है। हर साल 12 अगस्त को विश्व हाथी दिवस मनाया जाता है। इस लेख में हम जानेंगे कि भारत में कुल कितने हाथी हैं और सबसे अधिक हाथी किस राज्य में हैं?
भारत में कितने हाथी हैं
अखिल भारतीय हाथी जनगणना (Synchronous All India Elephant Estimation - SAIEE) की आधिकारिक रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में जंगली एशियाई हाथियों की कुल अनुमानित संख्या 22,446 है। वहीं, भारत पूरे विश्व की एशियाई हाथियों की कुल आबादी का करीब 60% से अधिक हिस्सा संभालता है।
भारत में सबसे अधिक हाथियों वाला राज्य
भारत में सबसे अधिक हाथियों वाले राज्य की बात करें, तो सबसे अधिक जंगली हाथी कर्नाटक में पाए जाते हैं। इस राज्य में हाथियों की कुल संख्या 6,013 तक दर्ज की गई है। इसके बाद असम का स्थान आता है, जहां 4 हजार से अधिक हाथी हैं।
भारत में सर्वाधिक हाथियों वाले प्रमुख राज्य
भारत में सबसे अधिक आबादी वाले प्रमुख राज्यों में कर्नाटक, असम, तमिलनाडू और केरल जैसे राज्य आते हैं। यहां जंगली हाथियों की संख्या बहुत अधिक है।
| राज्य का नाम | हाथियों की अनुमानित संख्या |
| कर्नाटक | 6,013 |
| असम | 4,159 |
| तमिलनाडु | 3,136 |
| केरल | 2,785 |
| उत्तराखंड | 1,792 |
| ओडिसा | 912 |
इस क्षेत्र में पाए जाते हैं सबसे अधिक
भारत में पाए जाने वाले कुल हाथियों का करीब 53 फीसदी हिस्सा अकेले पश्चिमी घाट में पाया जाता है। वहीं,उत्तर-पूर्वी पहाड़ियों और ब्रह्मपुत्र के मैदान में 6 हजार से अधिक हाथियों की संख्या है, जबकि शिवालिक पहाड़ियों और गंगा के मैदान में इनकी संख्या 2 हजार से अधिक है। मध्य भारत और पूर्वी घाट में 2 हजार से कम हाथी पाए जाते हैं।
कर्नाटक में क्यों हैं सबसे अधिक हाथी
कर्नाटक यानि कि पश्चिमी घाट का घना जंगल वाला एरिया हाथियों के लिए अधिक मात्रा में भोजन, पानी और नेचुरल शेल्टर उपलब्ध कराता है। वहीं, बांदीपुर और नागरहोल नेशनल पार्क तमिलनाडू व केरल के जंगलों से जुड़े हुए हैं, जिससे यहां हाथियों की संख्या बढ़ी है।
भारत का राष्ट्रीय विरासत पशु
आपको बता दें कि हाथी भारत का राष्ट्रीय विरासत पशु भी है। भारत सरकार ने 2010 में हाथी को भारत का राष्ट्रीय विरासत पशु घोषित किया था। वहीं, हाथियों और उनके नेचुरल शेल्टर के संरक्षण के लिए 1992 में 'प्रोजेक्ट एलिफेंट' भी शुरू किया गया था, जिसके तहत देश में 33 संरक्षित Elephant Reserves बने हुए हैं।
A seasoned journalist and Multimedia Producer with over 8 years of experience in print and digital media, Kishan specializes in turning complex topics into clear, compelling narratives. Currently working as a Senior Content Writer in the GK section at Jagran Josh, he brings deep subject expertise in History, Polity, and Geography, writing on national and international affairs from a general knowledge perspective. He can be reached at Kishan.kumar@jagrannewmedia.com.