दुनिया में सबसे बड़ा दिमाग किस जानवर के पास होता है, जानें
दुनिया में विभिन्न प्रकार के जानवर पाए जाते हैं। इनमें एक जानवर ऐसा भी है, जिसके पास सबसे बड़ा दिमाग है। कौन-सा है यह जानवर, जानने के लिए यह लेख पढ़ें।
दुनिया में अलग-अलग प्रकार के जानवर पाए जाते हैं। इनमें कुछ जानवर अपने बड़े आकार के लिए जाने जाते हैं। इस कड़ी में कुछ जानवरों के पास बड़ा दिमाग होता है, जबकि कुछ जानवरों के पास बहुत ही छोटा दिमाग होता है। हालांकि, क्या आप जानते हैं कि दुनिया में वह जानवर कौन-सा है, जिसके पास सबसे बड़ा दिमाग होता है ? यह जीव धरती के सबसे बड़े जीवों में शामिल है, जिसके बारे में हम इस लेख में हम जानेंगे।
किस जानवर के पास है सबसे बड़ा दिमाग
पृथ्वी पर अब तक पाए गए सभी जीवों में स्पर्म व्हेलके पास सबसे बड़ा दिमाग होता है। यह महासागरों में रहने वाला एक बड़ा और स्तनधारी जीव है।
कितना बड़ा होता है दिमाग
स्पर्मव्हेल के दिमाग का वजन करीब 7.8 से 9 किलोग्राम यानि कि 17 से 20 पाउंड तक होता है। यदि इसकी इंसानों के दिमाग से तुलना की जाए, तो यह 6 गुना भारी और 5 गुना बड़ा होता है। क्योंकि, इंसानी दिमाग का औसतन वजन 1.3 से 1.4 किलोग्राम होता है।
स्पर्म व्हेल का बड़ा सिर
स्पर्म व्हेल का सिर उसके पूरे शरीर की कुल लंबाई का लगभग एक-तिहाई हिस्सा होता है। इसके दिमाग का वॉल्यूम लगभग 8 लीटर होता है। स्पर्मव्हेल को लेकर खास बात यह है कि इसके सिर में दो प्रमुख चीजें पाई जाती हैं:
-स्पर्मासेटी अंग: इसमें एक विशेष प्रकार का मोम जैसा तेल भरा होता है, जो इसे समुद्र की गहराई में तैरने और गहरे गोते लगाने में मदद करता है।
-बड़ा दिमागः इसकी बड़ी खोपड़ी के पिछले हिस्से में इसका बड़ा दिमाग स्थित होता है।
व्हेल के पास होता है सबसे मजबूत Sonar सिस्टम
आपको बता दें कि स्पर्म व्हेल के पास दुनिया का सबसे शक्तिशाली प्राकृतिक सोनार सिस्टम होता है। ये समुद्र की गहराइयों में आवाज की तरंगें छोड़कर शिकार को ढूंढती हैं। इनके बड़े दिमाग का एक बड़ा हिस्सा इन ध्वनि तरंगों को प्रोसेस करने में इस्तेमाल होता है।
परिवार में रहती है स्पर्म व्हेल
स्पर्म व्हेल बहुत ही सामाजिक जीव होती हैं। ये परिवार के बीच रहती हैं और आपस में विशेष ध्वनि तरंग में संवाद करती हैं। स्पर्म व्हेल में सांस्कृतिक विविधता भी पाई जाती है।
किलर व्हेल के पास होता है दूसरा सबसे बड़ा दिमाग
आपको बता दें कि समुद्र में पाई जाने वाली किलर व्हेल के पास दुनिया में दूसरा सबसे बड़ा दिमाग होता है, जिसका औसतन वजन 5.4 किलोग्राम तक होता है।
धरती पर इस जीव का है सबसे बड़ा दिमाग
यदि धरती पर रहने वाले जीवों की बात करें, तो सबसे बड़ा दिमाग हाथी का होता है। हाथियों के दिमाग का वजन 5 किलोग्राम के आस-पास होता है।
A seasoned journalist and Multimedia Producer with over 8 years of experience in print and digital media, Kishan specializes in turning complex topics into clear, compelling narratives. Currently working as a Senior Content Writer in the GK section at Jagran Josh, he brings deep subject expertise in History, Polity, and Geography, writing on national and international affairs from a general knowledge perspective. He can be reached at Kishan.kumar@jagrannewmedia.com.