दिवाली पर भारत के अलावा इन देशों में भी रहता राष्ट्रीय अवकाश, देखें लिस्ट
दीपावली केवल भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि दुनिया भर के कई देशों में इसे आधिकारिक तौर पर राष्ट्रीय सार्वजनिक अवकाश का दर्जा प्राप्त है। इस लेख में हम जानेंगे कि भारत के अलावा किन-किन देशों में इस मौके पर छुट्टी रहती है।
दिवाली का पर्व भारत में सबसे बड़ा पर्व माना जाता है। यह वह त्योहार है, जो कि 4 से 5 दिनों तक चलता है। त्योहार की शुरुआत धनतेरस से होती है और यह भाई दूज तक चलता है। इस कड़ी में यहां दिवाली के मौके पर राष्ट्रीय अवकाश रहता है, जिससे सभी लोग अपने परिवार के साथ दिवाली का त्योहार मना सके। हालांकि, क्या आप जानते हैं कि भारत के अलावा भी ऐसे कई देश हैं, जहां दिवाली पर राष्ट्रीय अवकाश घोषित किया गया है। इस लेख में हम इस बारे में जानेंगे।
वे देश जहां राष्ट्रीय स्तर पर आधिकारिक छुट्टी होती है
-नेपाल: नेपाल में दिवाली को 'तिहार' या 'स्वांती' कहा जाता है। यह नेपाल के सबसे बड़े राष्ट्रीय पर्वों में से एक है, जहां 5 दिनों तक चलने वाले इस उत्सव के दौरान सरकारी कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों में आधिकारिक छुट्टियां रहती हैं।
-मॉरीशस: हिंद महासागर में स्थित मॉरीशस की कुल आबादी में लगभग 48% से अधिक हिंदू समुदाय के लोग हैं। यहां दिवाली एक आधिकारिक गजेटेड हॉलिडे है और पूरा द्वीप दीपों से जगमगाता है।
-फिजी: फिजी की लगभग 35-40% आबादी भारतीय मूल की है। यहां दिवाली पर राष्ट्रीय सार्वजनिक अवकाश रहता है और इसे हिंदू समुदाय के साथ-साथ अन्य मूल निवासी भी सद्भाव के साथ मनाते हैं।
-त्रिनिदाद और टोबैगो: कैरेबियाई देश त्रिनिदाद और टोबैगो में वर्ष 1966 में दिवाली को आधिकारिक राष्ट्रीय अवकाश घोषित किया गया था। यहां का नौ दिवसीय 'दीवाली नगर' उत्सव अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध है।
-गुयाना: दक्षिण अमेरिकी देश गुयाना में भारतीय मूल की आबादी काफी अधिक है। यहां दिवाली के मुख्य दिन आधिकारिक अवकाश होता है और फ्लोट परेड निकाली जाती है।
-सूरीनाम: दक्षिण अमेरिका के सूरीनाम में भी हिंदू आबादी की मौजूदगी के कारण दिवाली को राष्ट्रीय अवकाश का दर्जा प्राप्त है।
-सिंगापुर: सिंगापुर में साल 1929 से ही दीपावली एक राजपत्रित सार्वजनिक अवकाश है। इस अवसर पर 'लिटिल इंडिया' इलाके को रोशनी से सजाया जाता है।
-मलेशिया: मलेशिया में इसे 'हरि दीपावली' कहा जाता है और यह एक राष्ट्रीय अवकाश है। यहां लोग सुबह सुगंधित तेल से स्नान कर मंदिर जाते हैं।
-श्रीलंका: श्रीलंका में मुख्य रूप से तमिल हिंदू समुदाय द्वारा दीपावली मनाई जाती है और इस दिन सरकारी स्तर पर सार्वजनिक अवकाश रहता है।
-म्यांमार : म्यांमार में पारंपरिक हिंदू चंद्र-सौर कैलेंडर के अनुसार दिवाली के दिन आधिकारिक सार्वजनिक अवकाश घोषित रहता है।
क्षेत्रीय व प्रांतीय स्तर पर अवकाश
-संयुक्त राज्य अमेरिका (USA): अमेरिका में राष्ट्रीय स्तर पर अभी अवकाश नहीं है, लेकिन पेंसिल्वेनिया और कैलिफोर्निया जैसे राज्यों ने इसे आधिकारिक राज्य अवकाश घोषित किया है। इसके अलावा न्यूयॉर्क शहर के सभी पब्लिक स्कूलों में दिवाली के दिन आधिकारिक छुट्टी दी जाती है।
-पाकिस्तान: पाकिस्तान में राष्ट्रीय स्तर पर छुट्टी नहीं होती, लेकिन सिंध प्रांत जैसे क्षेत्रों में जहां हिंदू आबादी केंद्रित है, वहां के सरकारी कर्मचारियों और छात्रों को वैकल्पिक या आधिकारिक स्थानीय अवकाश की सुविधा दी जाती है।
A seasoned journalist and Multimedia Producer with over 8 years of experience in print and digital media, Kishan specializes in turning complex topics into clear, compelling narratives. Currently working as a Senior Content Writer in the GK section at Jagran Josh, he brings deep subject expertise in History, Polity, and Geography, writing on national and international affairs from a general knowledge perspective. He can be reached at Kishan.kumar@jagrannewmedia.com.