दुनिया की अनोखी जगह, जिसे कहते हैं ‘सांपों का देश’
दुनिया में अलग-अलग देश हैं, जो कि अपनी विविधताओं के लिए जाने जाते हैं। इस कड़ी में यहां एक देश ऐसा भी है, जिसे ‘सांपों का देश’ भी कहा जाता है। कौन-सा है यह देश, जानने के लिए पूरा लेख पढ़ें।
आपने दुनिया में अलग-अलग देशों के बारे में पढ़ा और सुना होगा। कुछ देश अपनी विविधताओं और विशेषताओं के लिए विश्व विख्यात है। इस कड़ी में यहां एक देश ऐसा भी है, जो कि सांपों के लिए जाना जाता है। यह देश दक्षिण अमेरिका महाद्वीप में स्थित है। क्या आप इस देश के बारे में जानते हैं, यदि नहीं, तो इस लेख के माध्यम से हम इस बारे में जानेंगे।
किस देश को कहते हैं ‘सांपों का देश’
दक्षिण अमेरिका महाद्वीप में स्थित ब्राजील को दुनिया भर में 'सांपों का देश' कहा जाता है। ब्राजील को यह ख्याति उसके बड़े और घने जंगलों, अनूठी भौगोलिक परिस्थितियों और वहां पाई जाने वाली सांपों की अनगिनत प्रजातियों के कारण मिली है। ब्राजील में सांपों की संख्या और विविधता इतनी अधिक है कि इसे दुनिया में सरीसृपों के सबसे बड़े प्राकृतिक आवासों में से एक माना जाता है।
क्यों कहते हैं ‘सांपों का देश’
ब्राजील को ‘सांपों का देश’ कहने के पीछे कई कारण हैं, जो कि इस प्रकार हैंः
-ब्राजील को यह उपनाम मिलने का सबसे बड़ा और प्रमुख कारण साओ पाउलो तट से लगभग 33 किलोमीटर दूर अटलांटिक महासागर में स्थित एक रहस्यमयी द्वीप है, जिसे 'इला दा क्यूइमादा ग्रांडे' या 'स्नेक आइलैंड' के नाम से जाना जाता है। यह द्वीप दुनिया की सबसे विषैली और खतरनाक सांपों की प्रजाति 'गोल्डन लांसहेड वाइपर' का इकलौता घर है।
इस द्वीप पर सांपों की आबादी इतनी ज्यादा है कि एक अनुमान के मुताबिक यहां प्रति वर्ग मीटर में कम से कम एक सांप पाया जाता है। इंसानों के लिए यह जगह इतनी जानलेवा है कि ब्राजील की नौसेना ने आम नागरिकों और पर्यटकों के इस द्वीप पर जाने पर सख्त प्रतिबंध लगा रखा है।
-ब्राजील का एक बहुत बड़ा हिस्सा अमेजन वर्षावनों से ढका हुआ है। ये जंगल दुनिया की सबसे समृद्ध जैव विविधता का केंद्र हैं और सांपों के लिए एक आदर्श प्राकृतिक आवास प्रदान करते हैं। इन्हीं जंगलों और अमेजन बेसिन की दलदली भूमि में दुनिया का सबसे बड़ा और ताकतवर सांप 'ग्रीन एनाकोंडा' पाया जाता है। इसके अलावा, एमरल्ड ट्री बोआ और बोआ कंस्ट्रिक्टर जैसे कई अन्य बड़े सांप भी ब्राजील के इन जंगलों में बहुतायत में मिलते हैं।
-ब्राजील की उष्णकटिबंधीय जलवायु और वहां का तापमान सांपों के पनपने के लिए बेहद अनुकूल है। पूरे देश में सांपों की लगभग 400 से भी अधिक विभिन्न प्रजातियां दर्ज की गई हैं। इनमें से कई प्रजातियां स्थानीय हैं, यानी वे दुनिया में ब्राजील के अलावा और कहीं नहीं पाई जातीं। बुशमास्टर, जो कि दक्षिण अमेरिका का सबसे लंबा जहरीला सांप है, रैटलस्नेक और कोरल स्नेक जैसे बेहद खतरनाक सांप ब्राजील के विभिन्न क्षेत्रों में रहते हैं।
A seasoned journalist and Multimedia Producer with over 8 years of experience in print and digital media, Kishan specializes in turning complex topics into clear, compelling narratives. Currently working as a Senior Content Writer in the GK section at Jagran Josh, he brings deep subject expertise in History, Polity, and Geography, writing on national and international affairs from a general knowledge perspective. He can be reached at Kishan.kumar@jagrannewmedia.com.