झारखंड की राजधानी रांची के हटिया में स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय यूं तो एक सरकारी स्कूल है, लेकिन इसकी सुविधाएं किसी भी निजी स्कूलों को आसानी से टक्कर दे सकती हैं। आज जहां प्राइवेट स्कूल ट्रेडिशनल तरीके से बच्चों को पढ़ा रही हैं, वहीं दूसरी ओर झारखंड के इस स्कूल में बच्चों को रोबोटिक्स, अंतरिक्ष तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बारे में पढ़ाया जा रहा है। पिछले 2 सालों से यहां इन सभी चीज़ों को शामिल किया जा रहा है, ताकि बच्चे भविष्य में आने वाली लेटेस्ट टेक्नोलॉजी से खुद रो रू-ब-रू रखें।
आधुनिक सुविधाओं से भरपूर है स्कूल
यह स्कूल हर उस आधुनिक सुविधा से लैस है, जो निजी स्कूलों में उपलब्ध होती है, और यहां की फीस मात्र ₹500-800 है। यहां के प्रधानाचार्य हीराकांत झा बताते हैं कि यहां ऐसी सुविधाएं उपलब्ध हैं, जो कहीं और नहीं मिलतीं। यहां बच्चों को दूरबीन के ज़रिए आकाशगंगा के बारे में बताया जाता है। संस्कृत के साथ-साथ रामायण और महाभारत का भी अध्ययन कराया जाता है।
कक्षा में लेटेस्ट कंप्यूटर से पढ़ते हैं बच्चे
यहां बेस्ट कंप्यूटर क्लास भी उपलब्ध हैं। प्रधानाचार्य बताते हैं कि यहां 40 कंप्यूटरों की एक कंप्यूटर लैब है। जहां बच्चे कंप्यूटर के बारे में बहुत कुछ सीखते हैं। अभी वे एमएस एक्सेल जैसी चीज़ों पर काम कर रहे हैं, जिसके पीछे शिक्षकों को बहुत मेहनत करनी पड़ती है। यहां कुल 25 शिक्षक हैं, जो हर बच्चे पर कड़ी नजर रखते हैं।
हेड बॉय और हेड गर्ल का चयन
अभी तक हेड बॉय और हेड गर्ल जैसी चीजें हमें प्राइवेट स्कूलों में ही सुनने के लिए मिलते थे, लेकिन यहां हेड बॉय, हेड गर्ल, मॉनिटर, वाइस हेड गर्ल का चयन करके उन्हें ज़िम्मेदारियां भी दी जाती हैं। कभी-कभी ये कक्षा में जाकर निगरानी भी करते हैं।
स्कूल में मौजूद है किचन गार्डन
प्रधानाचार्य हीराकांत के अनुसार स्कूल में एक किचन गार्डन भी है। सरकार की पहल पर यहां एक छोटा सा बगीचा बनाया गया है। इस बगीचे में सब्जियां उगाई जाती है, जिससे बच्चों का मध्याह्न भोजन तैयार किया जाता है। सिर्फ इतना ही नहीं यहां बच्चों को अंडे से लेकर हर तरह की पौष्टिक चीजें दी जाती है।
Comments
All Comments (0)
Join the conversation