टीम इंडिया से बाहर सूर्यकुमार यादव की होगी वापसी? मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी
सूर्यकुमार यादव आगामी सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और विजय हजारे ट्रॉफी में मुंबई की कप्तानी करते हुए दिखाई दे सकते है। मुंबई की टीम सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अपने अभियान की शुरुआत 14 नवंबर से करेगी।
टी20 विश्व कप 2026 में अपनी कप्तानी में भारत को विश्व चैंपियन बनाने वाले सूर्यकुमार यादव इन दिनों टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं। खराब फॉर्म के चलते उन्हें भारतीय टीम में जगह नहीं मिल पा रही है। हालांकि, अब उनके लिए घरेलू क्रिकेट से एक अच्छी खबर सामने आई है। मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने उन पर भरोसा जताते हुए आगामी दो बड़े व्हाइट बॉल टूर्नामेंट के लिए कप्तानी सौंपने का फैसला किया है। ऐसे में सूर्यकुमार के पास एक बार फिर अपने बल्ले से जवाब देने और टीम इंडिया में वापसी की दावेदारी मजबूत करने का मौका होगा।
दो टूर्नामेंट में करेंगे कप्तानी!
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, सूर्यकुमार यादव आगामी सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और विजय हजारे ट्रॉफी में मुंबई की कप्तानी करेंगे। दिलचस्प बात यह है कि हाल ही में उन्हें रणजी ट्रॉफी के लिए मुंबई की टीम में जगह नहीं मिली थी। अब चयनकर्ताओं ने उन्हें सफेद गेंद के दोनों टूर्नामेंट में टीम की कमान सौंपने का फैसला किया है।
14 नवंबर से शुरू होगा मुंबई का अभियान
मुंबई की टीम सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अपने अभियान की शुरुआत 14 नवंबर से करेगी। ग्रुप D में शामिल मुंबई का पहला मुकाबला कोलकाता में हैदराबाद के खिलाफ होगा। इस ग्रुप में छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, ओडिशा, उत्तराखंड और विदर्भ की टीमें भी शामिल हैं।
मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के एक सूत्र ने बताया कि सीनियर चयन समिति ने इस सीजन के दोनों व्हाइट बॉल टूर्नामेंट के लिए सूर्यकुमार को कप्तान बनाने का फैसला किया है। टीम के चयन से पहले 7 और 9 नवंबर को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के अभ्यास मैच खेले जाएंगे। 9 नवंबर को टीम का चयन होगा, जबकि खिलाड़ी 11 नवंबर को कोलकाता के लिए रवाना होंगे।
श्रेयस अय्यर को मिली थी कप्तानी
सूर्यकुमार यादव के लिए यह जिम्मेदारी काफी अहम मानी जा रही है। T20 विश्व कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलने के बाद से वह भारतीय टीम में नजर नहीं आए हैं। इसके बाद कप्तानी की जिम्मेदारी श्रेयस अय्यर को सौंपे जाने की बात सामने आई थी। हालांकि, श्रेयस भी भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं।
आईपीएल 2026 में खेलने के बावजूद सूर्यकुमार को इसके बाद चुनी गई भारतीय टीम में जगह नहीं मिली। ऐसे में घरेलू क्रिकेट में उनका प्रदर्शन काफी मायने रखेगा।
धोनी और रोहित के खास क्लब में शामिल हैं सूर्या
सूर्यकुमार यादव उन चुनिंदा भारतीय कप्तानों में शामिल हैं, जिन्होंने देश को T20 विश्व कप का टाइटल दिलाया है। उनसे पहले MS धोनी ने 2007 और रोहित शर्मा ने 2024 में भारत को चैंपियन बनाया था। वहीं, 2026 में सूर्यकुमार की कप्तानी में टीम इंडिया ने खिताब अपने नाम किया।
Bagesh Yadav is a journalist and current affairs analyst with over six years of experience in education journalism, national and international affairs, and digital media. He has contributed to India’s leading knowledge platforms, including Vision IAS and Only IAS, and currently serves in a senior editorial role at Jagranjosh.com, where he leads coverage across the Current Affairs and General Knowledge sections. His expertise spans breaking news, government policy analysis, world affairs, sports updates, science and technology, and visually engaging infographics. Known for his commitment to factual accuracy, editorial integrity, and audience-first storytelling, Bagesh delivers well-researched, accessible, and impactful journalism that serves millions of students, competitive exam aspirants, and informed readers across India.