उत्तर प्रदेश भारत का सबसे अधिक जनसंख्या वाला राज्य है। साल 2011 में यहां की जनसंख्या 19 करोड़ 98 लाख 12 हजार 341 दर्ज की गई थी, जो कि पूरे भारत की करीब 16.5 फीसदी थी।
क्षेत्रफल के हिसाब से उत्तर प्रदेश भारत का चौथा सबसे बड़ा राज्य है, जो कि 240,928 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है। यह भारत के कुल एरिया का करीब 7.33 फीसदी हिस्सा है।
इसके अतिरिक्त, यूपी सबसे अधिक जिले वाला राज्य है। आपने प्रदेश के अलग-अलग जिलों के बारे में पढ़ा और सुना होगा। हालांकि, क्या आप जानते हैं कि यूपी का सबसे नया जिला कौन-सा है, यदि नहीं, तो इस लेख के माध्यम से हम इस बारे में जानेंगे।
उत्तर प्रदेश में कुल जिले और मंडल
उत्तर प्रदेश भारत में सबसे अधिक जिले वाला राज्य है। यहां कुल 75 जिले हैं, जो कि 18 मंडलों में आते हैं। ये मंडल कुल चार संभागों का हिस्सा हैं, जिनमें पूर्वांचल, मध्यांचल, पश्चिमांचल और बुंदेलखंड शामिल है। प्रदेश में कुल 17 नगर निगम, 75 नगर पंचायत, 28 सामुदायिक विकास प्राधिकरण, 826 सामुदायिक विकास खंड, 437 नगर पंचायत और 58 हजार से अधिक ग्राम पंचायत मौजूद हैं।
उत्तर प्रदेश का सबसे नया जिला
उत्तर प्रदेश के सबसे नए जिले की बात करें, तो यह हापुड़ शहर है। इस जिले का गठन 28 सितंबर, 2011 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मायावती द्वारा पंचशील नगर के रूप में किया गया था। हालांकि, साल 2012 में मुख्यमंत्री रहे अखिलेश यादव ने जिले का नाम बदलकर हापुड़ कर दिया था।
क्या है हापुड़ का इतिहास
हापुड़ शहर का इतिहास 1000 साल से अधिक पुराना है। शहर की स्थापना राजा हरि सिंह ने 983 ईस्वी में की थी। उस समय इस शहर का नाम हरिपुरा दिया गया था। बहुत समय तक यह हरिपुरा कहलाया, हालांकि, समय के साथ इसका नाम बदला और यह हापुड़ हो गया।
यूपी का सबसे छोटा शहर
हापुड़ शहर पूरे उत्तर प्रदेश में सबसे छोटा जिला है। यह जिला कुल 660 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है, जो कि दिल्ली से करीब 60 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। आपको बता दें कि हापुड़ शहर की पहचान मिनी जलियांवाला बाग के रूप में भी होती है। साल 1857 की क्रांति में यहां से कई क्रांतिकारियों ने अंग्रेजों के खिलाफ आवाज बुलंद की थी।
स्टील और पापड़ के शहर के रूप में पहचान
हापुड़ शहर में मुख्य रूप से स्टील का व्यवसाय होता है। वहीं, यहां के पापड़ विभिन्न राज्यों में अपनी पहचान रखते हैं। इस वजह से हापुड़ शहर को स्टील और पापड़ के शहर के रूप में भी जाना जाता है। इसके अतिरिक्त, यहां ट्यूब का निर्माण भी होता है, जिसकी आपूर्ति देश के विभिन्न राज्यों में की जाती है।
छोटा हरिद्वार के लिए भी जाना जाता है हापुड़
आपको बता दें कि यूपी का छोटा हरिद्वार भी हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में स्थित है। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाने के लिए गंगा नदी में पहुंचते हैं।
हम उम्मीद करते हैं कि यह लेख आपको पसंद आया होगा। इसी तरह सामान्य अध्ययन से जुड़ा अन्य लेख पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें।
पढ़ेंः उत्तर प्रदेश में कौन-सा जिला है दालमोठ का शहर, जानें