भारत की सबसे लंबी नॉन-स्टॉप ट्रेन, प्रयागराज से नई दिल्ली का है रूट
भारत में आपने कई लंबी दूरी और नॉन-स्टॉप ट्रेन के बारे में पढ़ा और सुना होगा। हालांकि, क्या आप जानते हैं कि भारत में एक ऐसी भी ट्रेन है, जो कि सबसे लंबी नॉन स्टॉप के लिए जानी जाती है।
भारतीय रेलवे को देश की लाइफलाइन कहा जाता है। प्रतिदिन करोड़ों यात्री ट्रेन के माध्यम से लंबी दूरी तय कर अपनी मंजिलों तक पहुंचते हैं। इस कड़ी में कुछ ट्रेनें अपनी नॉन-स्टॉप रूट के लिए जानी जाती हैं। ऐसे में क्या आप भारत की सबसे लंबी नॉन-स्टॉप ट्रेन के बारे में जानते हैं, जो कि एक जगह से चलने पर लंबी दूरी तय करने के बाद रूकती है।
किसे बोलते हैं नॉन-स्टॉप ट्रेन
भारतीय रेलवे में 'नॉन-स्टॉप ट्रेन' का अर्थ उस रेल सेवा से है, जो अपने शुरुआती स्टेशन से चलने के बाद बीच के किसी भी स्टेशन पर यात्री ठहराव के लिए रुके बिना सीधे अपने गंतव्य या अगले प्रमुख जंक्शन तक जाती है।
कौन-सी नॉन-स्टॉप ट्रेन
भारत में सबसे लंबी नॉन-स्टॉप ट्रेन का रिकॉर्ड दो प्रमुख श्रेणियों में आता है। नॉन-स्टॉप यानि बिना किसी ठहराव के और बिना यात्री ठहराव यानि तकनीकी हॉल्ट सहित के तहत दर्ज है:
नॉन-स्टॉप ट्रेन: मुंबई सेंट्रल–हापा दुरंतो एक्सप्रेस भारत की सबसे लंबी पूरी तरह नॉन-स्टॉप दूरी तय करने वाली नियमित यात्री ट्रेन है। यह ट्रेन मुंबई सेंट्रल से रवाना होने के बाद बीच के किसी भी बड़े स्टेशन जैसेः बोरीवली, वापी, सूरत, भरूच या वडोदरा पर नहीं रुकती और 491 किलोमीटर की दूरी लगभग 5 घंटे 50 मिनट में तय करके सीधे अहमदाबाद जंक्शन पर रुकती है।
दुरंतो: बंगाली भाषा में 'दुरंतो' का अर्थ "बेरोक-टोक" या "तेज" होता है। तत्कालीन रेल मंत्री ममता बनर्जी द्वारा 2009 में शुरू की गई इन ट्रेनों का मुख्य उद्देश्य ही दो बड़े महानगरों के बीच बिना किसी मध्यवर्ती ठहराव के तेज संपर्क प्रदान करना था।
बिना किसी कमर्शियल ठहराव के: प्रयागराज–नई दिल्ली हमसफर एक्सप्रेस (632 किमी)
इस ट्रेनको यात्री टिकट बुकिंग के लिहाज से भारत की सबसे लंबी नॉन-स्टॉप ट्रेन माना जाता है। यह ट्रेन प्रयागराज जंक्शन से चलकर कानपुर सेंट्रल या अलीगढ़ जैसे प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों को चढ़ाने या उतारने के लिए नहीं रुकती और 632 किलोमीटर की दूरी तय कर सीधे नई दिल्ली पहुंचती है। हालांकि, परिचालन सुरक्षा, क्रू बदलने या सिग्नलिंग कारणों से यह ट्रेन टूंडला जंक्शन पर कुछ मिनटों का 'तकनीकी ठहराव' लेती है, जहां से कोई यात्री टिकट बुक नहीं कर सकता।
वडोदरा से कोटा का है ऐतिहासिक रिकॉर्ड
लंबे समय तक तिरुवनंतपुरम–हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस और मुंबई राजधानी एक्सप्रेस के नाम 528 किलोमीटर, वडोदरा से कोटा जंक्शन के बीच बिना रुके चलने का ऐतिहासिक रिकॉर्ड रहा है। बाद में यात्रियों की सुविधा के लिए मध्य प्रदेश के रतलाम जंक्शन पर इन ट्रेनों का ठहराव शुरू किए जाने के बाद यह सबसे लंबा नॉन-स्टॉप खंड बंट गया।
A seasoned journalist and Multimedia Producer with over 8 years of experience in print and digital media, Kishan specializes in turning complex topics into clear, compelling narratives. Currently working as a Senior Content Writer in the GK section at Jagran Josh, he brings deep subject expertise in History, Polity, and Geography, writing on national and international affairs from a general knowledge perspective. He can be reached at Kishan.kumar@jagrannewmedia.com.