भारत में हाल ही में एक सड़क का उद्घाटन किया गया है, जिस पर गाड़ी चलाने से संगीत की धुन निकलती है। इस सड़क को म्यूजिकल रोड कहा गया है।
खास बात यह है कि जब भी गाड़ी इस सड़क पर एक तय गति से दौड़ती है, तो गाड़ी में बैठे चालक को ऑस्कर विनिंग गीत की धुन सुनाई देती है। यह अपने आप में पहली बार है, जब भारत में इस तरह का प्रयोग किया गया है।
इससे एक तरफ जहां, लोगों को ड्राइविंग करते समय नया अनुभव मिल रहा है, तो दूसरी तरफ सड़क पर एक तय सीमा पर ही गाड़ियां चल रही हैं, जिससे दुर्घटना की संभावना कम है। इस लेख में हम जानेंगे कि आखिर भारत में किस शहर में यह म्यूजिकल रोड बनी है।
इस शहर में है म्यूजिकल रोड
भारत की पहली म्यूजिकल रोड महाराष्ट्र के मुंबई में बनाई गई है। मुंबई के तटीय रोड पर नरीमन प्वाइंट से वर्ली की ओर जाने वाले मार्ग के एक हिस्से पर म्यूजिकल रोड बनाई गई है।
ऑस्कर विनिंग गीत की निकलती है धुन
इस मार्ग पर जब गाड़ियां 70 से 80 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से गुजरती हैं, तो गाड़ियों के टायर और सड़क के घर्षण से ऑस्कर विनिंग गीत ‘जय हो’ की धुन निकलती है। यह धुन गाड़ी में बैठे चालकों को सुनाई देती है, जो कि अपने आप में एक अलग अनुभव है।
कैसे निकलती है धुन
सड़क पर गाड़ियों के टायर के घर्षण से निकलने वाली धुन के पीछे इंजीनियरिंग का चमत्कार है। इसके लिए सड़क पर ग्रूव्स बनाए जाते हैं, जिन्हें इस तरह से सेट किया जाता है कि गाड़ियों के निकलने से होने वाले कंपन से धुन निकल सके। यह एक प्रकार के गिटार की तरह है, जिसकी तारों के कंपन से धुन सुनाई देती है।
-
यदि ग्रूव्स के बीच कम दूरी होगी, तो तेज कंपन होगा और आवाज तेज निकलेगी।
-
यदि ग्रूव्स के बीच दूरी अधिक होगी, तो आवाज कम निकलेगी।
-
इंजीनियरिंग में इसे फ्रीक्वेंसी कंट्रोल कहा जाता है। इंजीनियर्स द्वारा इन्हें इस तरह से सेट किया जाता है, जिससे आवाज को एक लय मिल सके।
निश्चित गति पर ही सुनाई देगी धुन
इस तकनीक में एक खास बात यह भी है कि केवल एक निश्चित गति पर ही धुन सुनाई देगी।
-
यदि गाड़ी की गति 80 किलोमीटर प्रतिघंटा से अधिक होगी, तो धुन बिगड़ जाएगी।
-
यदि गाड़ी को बहुत धीमा चलाया जाएगा, तब भी धुन का पता नहीं चलेगा।
-
गाड़ी को 60 से 70 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चलाने पर धुन निकलेगी। यही वजह है कि यह मनोवैज्ञानिक रूप से चालकों को एक निश्चित गति पर ही गाड़ी चलाने के लिए प्रेरित करता है।
सड़क पर किस पदार्थ का हुआ है उपयोग
मुंबई की म्यूजिकल रोड बनाने के लिए एक विशेष प्रकार की थर्मोप्लास्टिक का इस्तेमाल किया गया है। इसकी मदद से खांचे बनाए गए हैं, जिससे बारीश, धूप और गाड़ियों के आवागमन से ये जल्दी खराब न हो सके।
पढ़ेंः भारत का यह राज्य बना सबसे बड़ा ऊन उत्पादक, जानें जवाब
Comments
All Comments (0)
Join the conversation