9 नवंबर को बना था देश का यह 27वां राज्य, कहलाता है भारत की ‘देवभूमि’
भारत में हिमालय की गोद में बसा देश का 27वां राज्य 9 नवंबर को 26 साल का हो रहा है। यह राज्य अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाना जाता है। इस लेख में हम इस बारे में विस्तार से जानेंगे।
भारत में कुल 28 राज्य और 8 केंद्र शासित प्रदेश हैं। इनमें एक राज्य ऐसा भी है, जिसका गठन 9 नवंबर, 2000 को किया गया था। यह उत्तर भारत का प्रमुख राज्य है, जो कि अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाना जाता है। क्या आप इस राज्य के बारे में जानते हैं, यदि नहीं, तो इस लेख के माध्यम से हम इस बारे में जानेंगे।
भारत का 27वां राज्य कौन-सा है
9 नवंबर 2000 को भारत के 27वें राज्य के रूप में उत्तराखंड का गठन हुआ था। इसे उत्तर प्रदेश के 13 पहाड़ी जिलों को काटकर एक नए राज्य का रूप दिया गया था। उस समय इस राज्य को उत्तरांचल के नाम से जाना जाता था। संसद द्वारा पारित उत्तर प्रदेश पुनर्गठन अधिनियम, 2000 (Uttar Pradesh Reorganisation Act, 2000) के तहत इस पर्वतीय राज्य की स्थापना की गई थी।
क्या थी गठन की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि
उत्तर प्रदेश के इस पर्वतीय क्षेत्र को अलग राज्य बनाने की मांग कई दशकों से चल रही थी। प्रदेश की तत्कालीन राजधानी लखनऊ मैदानी इलाके में स्थित थी, जिससे पहाड़ी क्षेत्रों की प्रशासनिक निगरानी और विकास कार्य ठीक से नहीं हो पाते थे। वहीं, सड़क, स्वास्थ्य, उच्च शिक्षा और रोजगार के अवसरों की कमी के चलते पहाड़ों से लगातार पलायन हो रहा था। साथ ही, गढ़वाल और कुमाऊं मंडलों की अनूठी लोक संस्कृति, भाषा और जीवनशैली मैदानी क्षेत्रों से काफी अलग थी, जिसके संरक्षण के लिए अलग राज्य की मांग ने जोर पकड़ा।
कब हुआ उत्तराखंड आंदोलन
1990 के दशक में इस आंदोलन ने बड़े जन-आंदोलन का रूप ले लिया था। इसमें महिलाओं, छात्रों और पूर्व सैनिकों ने भागीदारी निभाई थी।
राज्य का शुरुआती स्वरूप और नाम परिवर्तन
9 नवंबर 2000 को जब राज्य अस्तित्व में आया, तब इसका आधिकारिक नाम 'उत्तरांचल' रखा गया था। जनभावनाओं और ऐतिहासिक पहचान को ध्यान में रखते हुए 1 जनवरी 2007 को राज्य का नाम बदलकर आधिकारिक रूप से 'उत्तराखंड' कर दिया गया।
इसकी अस्थायी शीतकालीन राजधानी देहरादून है, जबकि जून 2020 में चमोली जिले के गैरसैंण को राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी घोषित किया गया। आज उत्तराखंड अपने प्राकृतिक नजारों के लिए देश-दुनिया में जाना जाता है। यहां हर साल बड़ी संख्या में देशी-विदेशी सैलानी सैर-सपाटे के लिए पहुंचते हैं।
A seasoned journalist and Multimedia Producer with over 8 years of experience in print and digital media, Kishan specializes in turning complex topics into clear, compelling narratives. Currently working as a Senior Content Writer in the GK section at Jagran Josh, he brings deep subject expertise in History, Polity, and Geography, writing on national and international affairs from a general knowledge perspective. He can be reached at Kishan.kumar@jagrannewmedia.com.