बिहार में चयनित जीविका दीदियों के लिए खुशखबरी है क्योकि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत चयनित जीविका दीदियों को 10-10 हजार रुपये की पहली किस्त का भुगतान अब मई महीने में किया जाएगा। इसके साथ ही दूसरी किस्त के रूप में 20-20 हजार रुपये भी अगले माह के अंत तक लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर किए जाएंगे। सरकार ने भुगतान प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है।
पहले फेज में 1.81 करोड़ महिलाओं को मिला लाभ
योजना के पहले चरण में अब तक पांच किस्तों के जरिए करीब 1.81 करोड़ जीविका दीदियों को 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जा चुकी है। आगामी चरण में लगभग पांच लाख और महिलाओं को यह लाभ दिया जाएगा, जिससे योजना का दायरा लगातार बढ़ रहा है।
दूसरी किस्त के लिए 11 लाख आवेदन स्वीकृत
दूसरी किस्त के लिए आवेदन करने वाली 19 लाख महिलाओं में से करीब 11 लाख के आवेदन सरकार की शर्तों पर खरे उतरे हैं। इन लाभार्थियों को 20 हजार रुपये की राशि दी जाएगी। इसके लिए जीविका द्वारा विकसित ऐप में महिलाओं के रोजगार से जुड़ी जानकारी अपडेट की जा रही है, जिसके आधार पर भुगतान सुनिश्चित होगा।
रोजगार, प्रशिक्षण और कुल सहायता संरचना
पहली किस्त का उपयोग कर अधिकांश महिलाएं ब्यूटी पार्लर, बुटीक, चूड़ी-लहठी, अगरबत्ती निर्माण, बकरी पालन और चाय-नाश्ते जैसे छोटे व्यवसाय शुरू कर चुकी हैं। नई इच्छुक महिलाओं को प्रखंड और पंचायत स्तर पर प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। योजना के तहत कुल 2 लाख रुपये पांच किस्तों (10, 20, 40, 80 और 60 हजार) में दिए जाएंगे, जबकि लाभार्थियों को तीन चरणों में कुल 35 हजार रुपये का अंशदान भी करना होगा।
आंगनबाड़ी बच्चों को मिलेंगी जीविका दीदियों की सिली यूनिफॉर्म
मधुबनी जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों में पढ़ने वाले बच्चे अब जीविका दीदियों द्वारा तैयार की गई यूनिफॉर्म पहनते नजर आएंगे। जिले के कुल 4628 आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों की ड्रेस सिलने की जिम्मेदारी जीविका समूह की महिलाओं को सौंपी गई है।