भारत के उत्तर में जब भी प्रमुख राज्यों की बात होती है, तो इसमें हरियाणा राज्य का नाम भी प्रमुखता से लिया जाता है। भारत का यह राज्य कुल 44,212 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है, जो कि अपनी सांस्कृतिक विरासत और देशी खान-पान के लिए विश्व विख्यात है। हाल ही में हरियाणा राज्य में जिलों की संख्या में बदलाव किया गया है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई बैठक में राज्य के नए जिले को मंजूरी दी गई है। इसके लिए मंडल, उपमंडल और तहसीलें भी तय की गई हैं। साथ ही, अलग-अलग गांवों को इस नए जिले में जोड़ा जाएगा। कौन-सा है यह जिला और कितना होगा इसका एरिया, जानने के लिए यह लेख पढ़ें।
हरियाणा में कुल कितने जिले होंगे
हरियाणा में अब कुल जिलों की संख्या 23 हो गई है। राज्य में कुल 6 मंडल, 10 नगर निगम, 19 नगर परिषद्, 58 नगर समितियां, 87 नगर पालिकाएं, 5 राज्य सभा सीटें और 10 लोकसभा सीटों के साथ-साथ 90 विधानसभा सदस्यों की संख्या है।
हरियाणा का सबसे नया जिला कौन-सा बना है
हरियाणा में 23वें जिले को बनाने के लिए मंजूरी मिल गई है। नए जिले का नाम हांसी होगा, जिसमें हांसी और नारनौंद विधानसभा के कुल 110 गांवों को भी जोड़ा जाएगा। ये गांव वर्तमान में हिसार का हिस्सा हैं।
कितना होगा नए जिले का एरिया
नए जिले में हिसार से अलग किए गए हांसी और नारनौंद दो उप-मंडल होंगे। इसके अतिरिक्त, तीन तहसील-हांसी, नारनौंद और बास का गठन किया जाएगा। वहीं, एक उप-तहसील खेड़ी जालब के गठन के साथ-साथ तीन ब्लॉक- हांसी-1, हांसी-2 और नारनौंद का भी गठन किया जाएगा। इस पूरे जिले का एरिया 1 लाख 34 हजार 976 हेक्टेयर होगा। जिले की कुल जनसंख्या 5,44,994 होने का अनुमान है।
क्यों किया गया है नए जिले का गठन
बीते दिनों नए जिले का प्रस्ताव हिसार उपायुक्त द्वारा हिसार मंडलायुक्त के माध्यम से राज्य सरकार को भेजा गया था। इसका प्रमुख उद्देश्य प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने, नागरिक-सेवा केंद्रों तक लोगों की बेहतर पहुंच सुनिश्चित करने और हांसी के लोगों को समयबद्ध तरीके से सरकारी सेवाओं को पहुंचाने के लिए यह प्रस्ताव दिया गया था।
हम उम्मीद करते हैं कि यह लेख आपको पसंद आया होगा। इसी तरह सामान्य अध्ययन से जुड़ा अन्य लेख पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें।
पढ़ेंःभारत के किस राज्य में बनेगा देश का पहला पावर म्यूजियम, विस्तार से जानें
Comments
All Comments (0)
Join the conversation